झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अपनी तैयारी में जुट गई है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा जिन्हें राज्य का चुनावी सहप्रभारी बनाया गया है वह रांची में हैं। आदिवासी नेताओं से उन्होंने मुलाकात की है। मुलाकात पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हमारे सामने क्या चुनौतियां हैं और हम उनका समाधान कैसे निकालेंगे, ये समझने के लिए मैंने प्रमुख आदिवासी नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में हमें 4 सीटों पर बढ़त मिली… हम मेहनत करेंगे तो आदिवासी इलाकों से अच्छे नतीजे मिल सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: ‘झारखंड से बीजेपी का होगा सफाया’, हेमंत सोरेन बोले- हमारे खिलाफ रची गई साजिश
हेमंत सोरेन के बयान पर भी हिमंता ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वह जेएमएम नेता और पूर्व सीएम हैं। चुनाव में उनकी भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन ने विधानसभा में किया कोई भी वादा पूरा नहीं किया है। अब जब वह बाहर हैं तो हम उनसे बहस कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की बैठक के लिए गृह मंत्री अमित शाह 20 जुलाई को यहां आ रहे हैं। हम झारखंड में चुनाव जीतने जा रहे हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत पर जेल से रिहा होने के एक दिन बाद, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता हेमंत सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना की और आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी का “सफाया” करने की कसम खाई। रांची में झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में हेमंत सोरेन ने कहा, “भाजपा को भारत के सामाजिक ताने-बाने को नष्ट करने में विशेषज्ञता हासिल है; लोगों ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनावों में सबक सिखाया। वह झारखंड में विधानसभा चुनाव जीतने का दिवास्वप्न देख रही है।”
इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: क्या चुनाव से चार महीने पहले Hemant Soren को मिली जमानत Jharkhand की राजनीति में बड़ा बदलाव लायेगी?
हेमंत सोरेन ने उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि हम उन लोगों को करारा जवाब देंगे जिन्होंने हमारे खिलाफ साजिश रची। भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का समय आ गया है; झारखंड से भगवा पार्टी का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि राज्य में (विधानसभा) चुनाव पहले हो सकते हैं और हम इसके लिए तैयार हैं। झारखंड हाई कोर्ट के जमानत आदेश के बाद हेमंत सोरेन को बिरसा मुंडा जेल से रिहा कर दिया गया।