श्रीलंका के पूर्व कप्तान धम्मिका निरोशन की मंगलवार रात को किसी अज्ञात हत्यारे द्वारा हत्या कर दी गई। दरअसल, श्रीलंकाई मीडिया के अनुसार, श्रीलंका की अंडर-19 क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान धम्मिका निरोशन (41) को गॉले जिले के एक छोटे से शहर अम्बालांगोडा के कांडा मावथा में उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय पुलिस के अनुसार, धम्मिका निरोशन पत्नी और दो बच्चों के साथ थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर गोली चलाई।
वहीं पुलिस अब तक संदिग्ध को पकड़ नहीं पाई है। फिलहाल गहन जांच जारी है, लेकिन अपराध के पीछे का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं है। धम्मिका निरोशन को कथित तौर पर 12 बोर की राइफल से गोली मारी गई। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज धम्मिका निरोशन को उनके खेल के दिनों में एक उभरती हुई प्रतिभा के रूप में जाना जाता था।
धम्मिका निरोशन ने 2001 से 2004 तक गॉले क्रिकेट क्लब के लिए 12 प्रथम श्रेणी और 8 लिस्ट ए मैच खेले। उसमें उन्होंने 300 से ज्यादा रन बनाए और 19 विकेट लिए। उन्होंने 2000 में श्रीलंकाई अंडर-19 टीम के लिए डेब्यू किया और दो साल तक अंडर-19 टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेला।
22 फरवरी 1983 को गॉले में जन्में धम्मिका निरोशन ने 10 मैच में श्रीलंका की अंडर-19 टीम की कप्तानी खी थी। फरवीज महरूफ, एंजेलो मैथ्यूज और उपुल थरंगा जैसे खिलाड़ियों ने उनके अधीन खेला। इन सभी राष्ट्रीय स्तर पर श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, धम्मिका निरोशन का करियर कभी उड़ान नहीं भर पाया। उन्होंने दिसंबर 2004 में अपना अंतिम प्रतिस्पर्धी क्रिकट मैच खेला था।