Breaking News

Sri Lanka ने तमिलनाडु के नौ और मछुआरों को गिरफ्तार किया, स्टालिन ने केंद्र को दी जानकारी

श्रीलंका की नौसेना ने नौ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी दो नौकाओं को भी जब्त कर लिया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने बुधवार को केंद्र को यह जानकारी देते हुए मछुआरों और उनकी नौकाओं की रिहाई के लिए त्वरित कदम उठाने का आग्रह किया।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर स्टालिन ने राज्य के कुल 87 मछुआरों और 175 नौकाओं की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए तत्काल उपाय करने की मांग की।

रामेश्वरम के नौ मछुआरों और उनकी मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं को 22 जुलाई 2024 को श्रीलंकाई अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह बताने के लिए विवश हूं कि इस वर्ष की शुरुआत से 22 जुलाई 2024 तक 250 मछुआरों को श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किया गया है, जो 2014 के बाद से सबसे अधिक है।’’

मछुआरों को डराने-धमकाने और गिरफ्तार करने, उनकी नौकाओं और मछली पकड़ने के उपकरणों को जब्त करने की घटनाएं लगातार जारी हैं, जिससे मछुआरा समुदाय बेहद परेशान है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मैं आग्रह करता हूं कि इस स्थिति को सामान्य बनाने के लिए कूटनीतिक माध्यम से गंभीर प्रयास शुरू किए जाएं और मैं आपसे श्रीलंका से 87 मछुआरों और 175 नौकाओं की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने के लिए इस मुद्दे को व्यापक रूप से संबोधित करने का अनुरोध करता हूं।

Loading

Back
Messenger