यमुनानगर (हरियाणा) । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को लोगों से इस साल के अंत में होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक भी सीट नहीं देने का आग्रह किया। सुनीता ने यमुनानगर के सढौरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अपने पति अरविंद केजरीवाल को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि वह बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए पैदा हुए हैं। सुनीता ने कहा, उनका (केजरीवाल) जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि उस दिन कृष्ण जन्माष्टमी थी।
यह महज संयोग नहीं हो सकता। मुझे लगता है कि भगवान उनके माध्यम से कुछ करवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के बारे में नहीं सोचती तथा केवल आम आदमी पार्टी ही राज्य में सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की स्थिति सुधार सकती है। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल वर्तमान में आबकारी नीति से संबंधित मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। वह आप के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं। उन्होंने कहा, तीन महीने में (हरियाणा में) विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति को भाजपा ने फर्जी मामले में जेल में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि 1994 में केजरीवाल से उनकी शादी हुई थी। उन्होंने कहा, किसी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा, यह कोई साधारण बात नहीं है। यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने कहा, अरविंद जी ने शून्य से शुरुआत की और अपनी पार्टी बनाई व दिल्ली के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा, आज पूरा देश और पूरी दुनिया अरविंद जी को उनके कामों के लिए जानती है। सुनीता ने लोगों से वादा किया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो उन्हें नौकरी, मुफ्त बिजली, चौबीसों घंटे बिजली और मोहल्ला क्लीनिक मिलेंगे। उन्होंने कहा, हर महिला को 1,000 रुपये प्रति माह मिलेंगे।