आम आदमी पार्टी के सदस्य के रूप में सोमनाथ भारती दिल्ली की राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बना चुके हैं। वे वर्तमान में मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उन्होंने पहले अरविंद केजरीवाल सरकार में दिसंबर 2013 से फरवरी 2014 तक दिल्ली सरकार में कानून, पर्यटन, प्रशासनिक सुधार, कला और संस्कृति मंत्री के रूप में कार्य किया है। भारती को हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में पार्टी ने नई दिल्ली की सीट से मैदान में उतारा था। आप के नेता सोमनाथ भारती सर्वोच्च न्यायालय और दिल्ली उच्च न्यायालय में एक अभ्यासरत वकील हैं। भारती शासन व्यवस्था पर सवाल उठाने के लिए जाने जाते हैं।
जानिए कौन हैं सोमनाथ भारती ?
विधायक सोमनाथ भारती दिल्ली सरकार के पूर्व कानून, प्रशासनिक सुधार, कला और संस्कृति मंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में वह दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं। इसके अलावा सोमनाथ भारती तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, अंडमान- निकोबार और लक्षद्वीप में आम आदमी पार्टी के प्रभारी हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी से पूरी की पढ़ाई
सोमनाथ भारती आईआईटी दिल्ली एलुमनी एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और सीनेट के पूर्व सदस्य रहे हैं। सोमनाथ भारती ने 1997 में आईआईटी दिल्ली से MSC की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री हासिल की। उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस भी की।
दिल्ली सरकार में बने कानून मंत्री
सोमनाथ भारतीय आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। उन्होंने 2013 में AAP के टिकट पर मालवीय नगर से चुनाव लड़ा और विधायक बने। वह केजरीवाल सरकार में कानून मंत्री बने। इस दौरान उन्होंने कोर्ट की कार्यवाही में पारदर्शिता लाने के लिए ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग सहित 19 प्रमुख सुधारों की शुरुआत की। उन्होंने 2015 और 2020 में भी मालवीय नगर से जीत दर्ज की।
आखिर कितनी संपत्ति के मालिक हैं भारती?
सोमनाथ भारती के पास 1 करोड़ 42 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति है, जबकि उनपर 20 लाख रुपये की देनदारी है। उनके पास 40 हजार रुपये कैश हैं। करीब 75 हजार रुपये उनके बैंक अकाउंट में जमा हैं। भारती के पास करीब ढाई लाख रुपये की कीमत ह्युंडाई कार है। इसके अलावा उनके पाल 29 लाख रुपये से ज्यादा की ज्वेलरी भी है।
साल 2013 में पहली बार लड़ा था चुनाव
राजनीति में आने से पहले सोमनाथ भारती वकालत करते थे। एक वकील के रूप में सोमनाथ भारती दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अभ्यास कर चुके हैं। साल 2013 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर उन्होंने दिल्ली के मालवीय नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद 28 दिसंबर 2013 से 14 फरवरी 2014 तक दिल्ली सरकार में कानून, पर्यटन, प्रशासनिक सुधार, कला और संस्कृति मंत्री रहे।
2020 में तीसरी बार जीता विधानसभा का चुनाव
इसके बाद सोमनाथ भारती ने आप सरकार से इस्तीफा दे दिया। साल 2015 में दूसरी बार मालवीय नगर सीट से उन्होंने विधायकी का चुनाव जीता। इसके बाद 2020 के दिल्ली विधानसभा सीट में भी उन्होंने जीत हासिल की है।