Breaking News

वोटिंग और काउंटिंग के दिन बदली मेट्रो की टाइमिंग, चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को मिलेगी राहत

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान और मतगणना के दिन दिल्ली मेट्रो सुबह 4:00 बजे अपनी सेवाएं शुरू करेगी। बयान में कहा गया है कि लोगों को मतदान केंद्रों तक समय पर आसानी से पहुंचने में मदद करने के लिए दिल्ली मेट्रो बुधवार (5 फरवरी) और शनिवार (8 फरवरी) को सभी लाइनों पर सुबह 4:00 बजे अपनी सेवाएं शुरू करेगी। इसमें कहा गया है कि यात्रियों के लिए सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनें सुबह 6:00 बजे तक 30 मिनट के अंतराल पर संचालित होंगी, जिसके बाद शेष दिन के लिए एक नियमित समय सारिणी का पालन किया जाएगा।
 

इसे भी पढ़ें: Chai Par Sameeksha: मध्यम वर्ग और गरीबों पर प्रसन्न हुईं माँ लक्ष्मी, क्या अब सब जगह खिल जायेगा कमल

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को प्रचार का आखिरी दिन है। राष्ट्रीय राजधानी में 5 फरवरी को मतदान होगा और चुनाव परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। आम आदमी पार्टी (आप) अपने वादों और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के प्रति आश्वस्त है। सोमवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन, ‘आप’ नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के निर्वाचन क्षेत्र कालकाजी समेत तीन इलाकों में रैलियों को संबोधित किया। दिल्ली में 25 साल से ज्यादा समय बाद सत्ता हासिल करने के इरादे से उतरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शहर में 22 रोड शो और रैलियां कीं। 
 

इसे भी पढ़ें: Delhi Elections में प्रचार के अंतिम दिन नेताओं ने झोंकी पूरी ताकत, अब जनता करेगी 5 को फैसला, इस बार नेताओं के बीच खूब दिखी जुबानी जंग

सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और पार्टी के कई मुख्यमंत्रियों ने प्रचार किया। पिछले दो चुनावों में कोई भी सीट जीतने में विफल रही कांग्रेस ने भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिशें कीं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने राजधानी में पार्टी की खोई हुई जमीन फिर से हासिल करने के उद्देश्य से कालकाजी और कस्तूरबा नगर में अलग-अलग रोड शो किए। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 13,766 मतदान केंद्रों पर 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 ‘तृतीय लिंग’ मतदाता हैं। 

Loading

Back
Messenger