दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के ज्योति नगर इलाके में एक रेस्तरां के पास गोलीबारी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे तीन से चार लोगों के बीच झगड़ा हुआ था और इसी दौरान एक व्यक्ति ने हवा में गोली चला दी। इस झड़प में मेहर खोखर (26) नामक व्यक्ति के सिर पर पत्थर लगने से वह घायल हो गया था।’’
अधिकारी ने बताया कि खोखर को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया है।