Breaking News

सुक्खू ने कहा कि मंत्रिपरिषद में शामिल करने के संभावितों की सूची कांग्रेस आलाकमान को सौंप दी गई है

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा कि उन्होंने अपने मंत्रिपरिषद में शामिल करने के लिए संभावितों की सूची मंजूरी के लिए कांग्रेस आलाकमान को सौंप दी है।
सुक्खू ने दिल्ली से लौटने के बाद यहां संवाददाताओं से कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार रविवार या बाद में हो सकता है। उन्होंने दिल्ली में इस मुद्दे पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद लगभग एक महीने पहले सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के शपथ लेने के बाद से नये मंत्रियों के नामों को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं।

सुक्खू ने कहा कि सूची आलाकमान को सौंप दी गई है और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा सूची को मंजूरी दिए जाने के बाद ही इसका विस्तार किया जाएगा।
यदि रविवार को मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं होता है तो यह 12 जनवरी के बाद होगा क्योंकि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर कल गोवा के लिए रवाना होने वाले हैं।
मंत्रिपरिषद में 10 पद खाली हैं क्योंकि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 12 से अधिक नहीं हो सकती।

हिमाचल प्रदेश में क्षेत्रों, जातियों एवं धड़ों के बीच संतुलन कायम करते हुए तथा युवा प्रतिभाओं को जगह देते हुए मंत्रिपरिषद का विस्तार करना कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि 12 में से तीन जिलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है- हमीरपुर से सुक्खू, ऊना से अग्निहोत्री और भटियात से पांच बार के विधायक कुलदीप पठानिया, जो चंबा से हैं और विधानसभा अध्यक्ष हैं।
लाहौल और स्पीति और किन्नौर के जनजातीय क्षेत्रों से एक मंत्री बनाये जाने की उम्मीद है। कांगड़ा और शिमला जिलों से आने वाले क्रमश: दस और सात विधायकों में से कुछ को मंत्रिमंडल में हिस्सा दिए जाने की उम्मीद है।

कांग्रेस ने 68 विधानसभा सीटों में से ऊना, सोलन और हमीरपुर में चार-चार, सिरमौर में तीन, चंबा और कुल्लू में दो-दो और मंडी, बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल और स्पीति जिलों में एक-एक सीट सहित 40 सीटों पर जीत हासिल की है।
सुक्खू ने कहा था कि आलाकमान के परामर्श से मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और इसमें पेशेवरों, युवाओं और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों का मिश्रण होगा।
पूर्व मंत्री और कई दूसरी और तीसरी बार के विधायक मंत्री पद के आकांक्षियों में हैं।
पार्टी को सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के नेतृत्व वाले दो गुटों के दावों में भी सामंजस्य बिठाना है।

मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए जो लोग दौड़ में आगे चल रहे हैं उनमें पूर्व मंत्री एवं पूर्व लोकसभा सदस्य तथा कांगड़ा के जावली से चंदर कुमार और सोलन से विधायक धनी राम शांडिल शामिल हैं जो जो पूर्व मंत्री और पूर्व लोकसभा सदस्य भी हैं।
इसके साथ ही इसमें कांगड़ा के धर्मशाला से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, सिरमौर के शिलाई से छह बार के विधायक हर्षवर्धन चौहान, किन्नौर से पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह और जुब्बल-कोटखाई से चार बार के विधायक रोहित ठाकुर शामिल हैं जो पूर्व मुख्यमंत्री रामलाल ठाकुर के पोते हैं।

Loading

Back
Messenger