Breaking News

झारखंड : डुमरी विधानसभा सीट से झामुमो की बेबी देवी विजयी, जश्न का माहौल

झारखंड में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’(इंडिया) के सदस्यों ने डुमरी विधानसभा उपचुनाव में झामुमो उम्मीदवार बेबी देवी की जीत का शुक्रवार को जश्न मनाया।
डुमरी विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ राजधानी रांची में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नृत्य किया, पटाखे फोड़े और आपस में मिठाइयां बांटीं।
इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर एकत्र हुए और इस जीत का जश्न मनाया।
इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धानंद रोड स्थित पार्टी कार्यालय में जबकि झामुमो ने हरमू चौक पर जीत का जश्न मनाया।
कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि इस जीत ने राज्य की दशा और दिशा तय कर दी है।

राजेश ठाकुर ने कहा, ‘‘डुमरी की जनता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को नकार दिया है और झारखंड में गठबंधन सरकार द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों को स्वीकार किया है। ’’
संसदीय कार्य मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम ने कहा, ‘‘यह जीत 2024 चुनाव का ट्रेलर है। ‘इंडिया’ गठबंधन ने डुमरी से अपनी विजय यात्रा शुरू कर दी है और इसे 2024 के आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में दोहराया जाएगा। ’’
गिरिडीह जिले की डुमरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को झामुमो उम्मीदवार बेबी देवी ने आजसू पार्टी की उम्मीदवार यशोदा देवी को 17,000 से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की उम्मीदवार को करीब 1,35,480 वोट मिले हैं जबकि राजग की उम्मीदवार यशोदा देवी को लगभग 1,18,380 वोट मिले हैं।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में झामुमो के शामिल होने के कारण वह (बेबी देवी) इसकी भी उम्मीदवार थी।
बेबी देवी झारखंड के पूर्व मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी हैं। महतो का अप्रैल में निधन हो गया था, इस कारण डुमरी सीट पर उपचुनाव हुआ है।
इस बीच, आजसू पार्टी ने कहा कि वह इस हार का विश्लेषण करेंगे।
पार्टी प्रवक्ता देव शरण भगत ने कहा, ‘‘ वहां करीब 2.98 लाख मतदाता थे, लेकिन करीब एक लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। यह भी एक कारण था कि हमें लक्षित वोट नहीं मिल सके। ’’
भाजपा की झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा, ‘‘ लोकतंत्र में मतदाता सर्वोच्च हैं और हम उनके फैसले को स्वीकार करते हैं। भाजपा आजसू पार्टी के साथ मिलकर 2024 के चुनाव की तैयारी करेगी और झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार का सफाया करेगी।

Loading

Back
Messenger