आज यानी की 03 मार्च बॉलीवुड सिंगर शंकर महादेवन अपना 58वां जन्मदिन मना रहे हैं। शंकर महादेवन अपनी सुरीली आवाज से लोगों को अपना दीवाना बना लेते हैं। वह एक बेहतरीन सिंगर होने के साथ ही म्यूजिक कंपोजर भी हैं। शंकर महादेवन ने कई बॉलीवुड फिल्मों के लिए गाने गाए हैं। उन्होंने न सिर्फ हिंदी बल्कि अन्य कई भाषाओं में भी अपनी आवाज का जादू चलाया है। छोटी उम्र में ही उन्होंने संगीत की दुनिया में कदम रख दिया था। वहीं जब शंकर महादेवन महज 5 साल के थे, तभी से संगीत सीखना शुरूकर दिया था। तो आइए जानते हैं उनके बर्थडे के मौके पर सिंगर शंकर महादेवन के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…
जन्म और शिक्षा
मुंबई के चेंबूर में तमिल परिवार में 01 मार्च 1967 को शंकर महादेवन का जन्म हुआ था। उनको बचपन से ही गाने का शौक था और इसके लिए उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली थी। शंकर महादेवन ने मुंबई के चेम्बूर में ओएलपीएस स्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी की। फिर उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया। लेकिन संगीत को लेकर महादेवन का प्यार कभी कम नहीं हुआ। कॉलेज के दिनों में भी वह म्यूजिक से जुड़े रहे।
‘ब्रीथलेस’ से मिली पहचान
साल 1998 में शंकर की पहली एल्बम ‘ब्रीथलेस’ उनके सिंगिंग करियर के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इस एल्बम से शंकर महादेवन को काफी फेम मिला था। यह एल्बम लोगों को खूब पसंद आई और शंकर को बॉलीवुड में काफी शोहरत मिली। जिसके बाद शंकर महादेवन ने एक के बाद एक कई फिल्मों के लिए गाने गाए। शंकर महादेवन ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक म्यूजिक ग्रुप बनाया और संगीत के नए सफर की शुरूआत की।
सम्मान
सिंगर शंकर महादेवन को चार बार नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। साल 2011 में उन्होंने एक ऑनलाइन अकेडमी भी शुरू की। सिंगर इस अकेडमी के जरिए देश और दुनियाभर के बच्चों को संगीत की शिक्षा देने का काम करते हैं। शंकर को पहला नेशनल अवॉर्ड मशहूर सिंगर ए.आर रहमान के साथ तमिल फिल्म ‘कांदोकंदनीं-कांदोकंदनीं’ के लिए मिला था। इसके अलावा उन्होंने तीन बार बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड भी जीता है। शंकर महादेवन को एक बार बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया। वह अपने बेहतरीन गानों और सुरीली आवाज की वजह से लाखों लोगों के दिलों पर राज करते हैं।
सुरीली आवाज के धनी
बता दें कि शंकर महादेवन ने संगीता शंकर महादेवन से शादी की है। उनका बेटा सिद्धार्थ महादेवन है, जोकि अपने पिता की तरह ही सिंगर हैं। उन्होंने अपने सिंगिंग करियर की शुरूआत फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ के गाने ‘जिंदा’ के साथ शुरू की थी। वहीं शंकर महादेवन का छोटा बेटा शिवम महादेवन भी एक गायक हैं।