Breaking News

Sushant Singh Rajput : कम उम्र में ही बुझ गया था बॉलीवुड का चमकता सितारा, फिजिक्स में बने थे नेशनल ओलंपियाड

बॉलीवुड में कम उम्र में ही बुझ गया चिराग सुशांत सिंह राजपूत एक ऐसा अभिनेता है जो कभी ना मर सकता है और ना ही कभी भुलाया जा सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी फिल्में और उनके साथ जुड़े उनके गीत अक्सर उनकी यादों को उजागर कर दिया करते हैं। एक ऐसा ही बेहतरीन एक्टर जो बहुत ही कम उम्र में हम सभी को छोड़कर चला गया कहीं दूर, जिसे बस याद किया जा सकता है। उसके होठों पर वो भोली सी मुस्कान, प्यारा सा चेहरा, शरारती आंखे और दिलकश अदाकारी का हुनर, ये सभी वह इस दुनिया से जाते समय अपने साथ ले गया।
आज के दिन उनके जन्मदिन पर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के फैंस उन्हें खूब याद कर रहे हैं। कई ट्विटर यूजर्स ने माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट पर सुशांत के थ्रोबैक वीडियो और तस्वीरें साझा कीं, साथ ही दिल छूने वाले नोट्स लिखे और श्रद्धांजलि भी दी। जून 2020 में आत्महत्या करने से पहले सुशांत सिंह राजपूत ने ‘दिल बेचारा’ की शूटिंग पूरी की थी। सुशांत सिंह राजपूत के साथ इस फिल्म में संजना सांघी थीं और यह ‘द फॉल्ट इन अवर स्टार्स’ की रीमेक है। 6 जुलाई, 2020 को उनकी आखिरी फिल्म का ट्रेलर आउट हो गया था और फिल्म को डिज्नी+हॉटस्टार पर 24 जुलाई, 2020 को स्ट्रीम किया गया था।
सुशांत सिंह राजपूत का जन्म और शिक्षा
दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का जन्म 21 जनवरी 1986 को कृष्ण कुमार सिंह और उषा सिंह के घर पूर्णिया, बिहार में हुआ था। सुशांत ने अपनी स्कूली शिक्षा पटना के सेंट करेन हाई स्कूल और फिर नई दिल्ली के कुलाची हंसराज मॉडल स्कूल में की थी। वे पढ़ाई में अच्छे थे और ऐसा बताया जाता है कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में 11 इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं को पास किया था। 2002 में उन्होंने अपनी माँ को खो दिया था। उनकी एक बहन मीतू सिंह राज्य स्तरीय क्रिकेटर हैं। 2003 में उन्होंने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल की और बी.ई. मैकेनिकल इंजीनियरिंग करने का फैसला लिया। सुशांत फिजिक्स में नेशनल ओलंपियाड विनर भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर को आगे बढ़ाने के लिए कॉलेज छोड़ दिया था।
मृत्यु और व्यक्तिगत जीवन
34 वर्ष की आयु में 14 जून, 2020 को मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का निधन हो गया था। वे अपने मुंबई के बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए थे। साल 2015 में सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रेमिका अंकिता लोखंडे ने सार्वजनिक रूप से उसे थप्पड़ मारा जब वह पूरी तरह से नशे में था। रिलेशनशिप में 6 साल तक रहने के बाद 2016 में ये कपल अलग हो गया था। सुशांत सिंह के बारे में अफवाह थी कि उन्होंने साल 2015 में अंकिता से छुप कर शादी कर ली थी। 2019 के शुरुआत से ऐसी अफवाह थी कि सुशांत सिंह राजपूत और रिया चक्रवर्ती एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।
फिल्मी दुनिया का सफर
सुशांत सिंह राजपूत ने अपने कॉलेज के दिनों में खुद को श्यामक डावर की नृत्य कक्षाओं में नामांकित किया। नृत्य कक्षाओं में अपने साथी छात्रों से प्रेरित होकर सुशांत सिंह ने अभिनय सीखने के लिए बैरी जॉन की ड्रामा क्लास को जॉइन किया। नृत्य कक्षाओं में सुशांत ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया और उन्हें मानक नृत्य मंडली के सदस्य के रूप में चुना गया। साल 2005 में 51वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में सुशांत सिंह ने बैकग्राउंड डांसर के तौर पर परफॉर्म किया था। वर्ष 2006 में उन्होंने 2006 के राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में समूह के अन्य सदस्यों के साथ प्रदर्शन किया था।
इसके बाद फिर सुशांत सिंह राजपूत मुंबई चले गए और नादिरा बब्बर के एकजूट थिएटर ग्रुप (1981 में हिंदी थिएटर में एक जाना माना नाम) में शामिल हो गए और दो साल से अधिक समय तक इस समूह से जुड़े रहे। नेस्ले मंच के लिए एक टीवी विज्ञापन के बाद, सुशांत सिंह राजपूत एक जाना-पहचाना चेहरा बन गए। 2008 में बालाजी टेलीफिल्म्स की कास्टिंग टीम ने एकजूट के लिए सुशांत सिंह राजपूत के एक प्ले को देखा और उन्हें ऑडिशन के लिए आमंत्रित किया गया। उन्हें ‘किस देश में है मेरा दिल’ में प्रीत जुनेजा की भूमिका के लिए ऑफर दिया गया था। इस भूमिका के बाद वह हर भारतीय घर में एक लोकप्रिय चेहरा बन गए।
साल 2014 में उन्होंने आमिर खान और अनुष्का शर्मा अभिनीत ‘पीके’ में एक छोटी भूमिका निभाई। यह फिल्म सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में से एक है। 2015 में। उन्होंने एक मिस्ट्री थ्रिलर ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी’ में मुख्य भूमिका निभाई थी इसके बाद आने वाले सालों में सुशांत सिंह ने ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘राब्ता’, ‘केदारनाथ’, सोनचिरैया (भूमि पेडनेकर के विपरीत) और छिछोरे (श्रद्धा कपूर के विपरीत) में दिखाई दिए थे।
जीते कई बड़े पुरस्कार
साल 2010 में सुशांत सिंह राजपूत ने सर्वाधिक लोकप्रिय अभिनेता (पुरुष) के लिए भारतीय टेलीविजन अकादमी पुरस्कार जीता था, बिग स्टार एंटरटेनमेंट अवार्ड्स सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन अभिनेता, बोरोप्लस गोल्ड अवार्ड्स ‘पवित्र रिश्ता’ के लिए मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार भी जीता था। इसके बाद सुशांत ने ‘पवित्र रिश्ता’, ‘काय पो छे!’ के लिए Screen Awards Best Male Debut और फिल्म ‘एम.एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ के लिए स्क्रीन अवार्ड्स बेस्ट एक्टर (क्रिटिक्स) और इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न बेस्ट एक्टर जीता था।

Loading

Back
Messenger