Breaking News

UP News: बोलेरो और पोल्ट्री वैन में भीषण भिड़ंत, महिला समेत दो की मौत, पांच गंभीर

संवाद सूत्र, बेल्थरारोड (बलिया)। उभांव के फरसाटार मार्ग पर बिडहरा गांव के पास गुरुवार को अल सुबह तेज रफ्तार ने दो की जान ले ली तो पांच लोग जीवन और माैत से जूझ रहे हैं। पोल्ट्री फार्म परिवहन वैन और बोलेरो में सीधी टक्कर होने से मऊ स्थित मधुबन थाना क्षेत्र के महुई गांव निवासी 72 वर्षीय चालक सूर्यकेश राजभर और डुमरी मर्यादपुर की 55 वर्षीय बिंदा देवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति महात्म,भाई अनिल कुमार, गीता देवी, रामबाबू और सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतना तेज था कि दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए। तेज आवाज सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में भर्ती कराया। जहां घायलों को स्थिति चिंताजनक होने पर मऊ के प्रकाश अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में सूरज कुमार और गीता देवी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। मऊ जनपद के मधुबन थाना अंतर्गत डुमरी मर्यादपुर गांव के महात्म बोलेरो रिजर्व कर बक्सर बिहार में अपनी पत्नी बिंदा देवी के दादा के निधन पर शोक व्यक्त करने जा रहे थे। वह जैसे ही बिडहरा गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही पोल्ट्री वैन में जोरदार टक्कर हो गई। इस दौरान साइकिल से दूध लाने जा रहा बिड़हरा गांव का किशोर सूरज कुमार भी वाहन के नीचे दब गया। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई और सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलते पीआरवी पुलिस और पूर्व विधायक गोरख पासवान पहुंचे गए। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बोलेरो में सवार थे एक ही परिवार के छह लोग मऊ के डुमरी मर्यादपुर निवासी मृतक बिंदा देवी के दादा के निधन पर बक्सर बिहार जा रहे बोलरो में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। मृतक बिंदा देवी की शादी महातम से जबकि उसकी बहन गीता की शादी उनके भाई अनिल कुमार से हुई थी। इसके कारण दोनों बहन और उनके पति एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बक्सर जा रहे थे। पोल्ट्री वैन का चालक मौके से फरार हो गया। गांव के लोगों का कहना है कि वाहनों में टक्कर कैसे हो गई, किसी को पता नहीं चला। प्रतिदिन की तरह गुरुवार को कोहरा भी नहीं था। सड़क हादसे में मऊ के चार लोगों की हो गई थी मौत गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर गांव के पास 29 अक्टूबर को सड़क हादसे में मऊ के ही चार लोगों की मौत हो गई थी। वह वैवाहिक कार्यक्रम में खाना बनाने गए थे। एक आटो पर 12 से अधिक लोग सवार थे। सुबह में ही अज्ञात वाहन की टक्कर से आटो पलट गई। घटना स्थल पर ही मऊ के चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि आठ लोग घायल हो गए थे। अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं लगाया जा सका है। तेज रफ्तार ले रही जान, किया जा रहा जागरूक सहायक संभागीय परिवहन अधिकार अरुण कुमार का कहना है कि तेज रफ्तार लोगों की जान ले रही है। हर व्यक्ति को वाहन चलाते समय जल्दी लगी रहती है। वह नियंत्रित होकर वाहन नहीं चलाते हैं। इसको लेकर हर समय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सड़क हादसा को रोकने के लिए रिफ्लेक्टर, सड़कों पर पट्टी आदि लगाए जा रहे हैं। इसके लिए समय-समय पर चालकों को प्रशिक्षित भी किया जाता है। इसे भी पढ़ें: 300 करोड़ का बजट बदल सकता है मेरठ पुलिस की तस्वीर, 4 IPS और 12 PCS अधिकारी है तैनात; विभाग को इन चीजों की है जरूरत

Loading

Back
Messenger