फीफा महिला विश्व कप 2023 की शुरुआत हो चुकी है। फीफा महिला विश्व कप के इस सीजन में महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को प्रत्येक डॉलर के लिए 25 सेंट की राशि मिलेगी जो पिछले वर्ष हुए फीफा विश्व कप में उनके पुरुष साथी खिलाड़ियों ने अर्जित की थी। पहले के मुकाबले महिलाओं को बेहतर राशि इस बार दी जा रही है। हालांकि वेतन समानता के मामले में महिलाओं को लंबा रास्ता अभी तय करना है।
सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक फीफा विश्व कप का शानदार आगाज हो चुका है। इस 32 वर्ष पुराने विश्व कप में इस बार फिर से ऐसे मु्द्दे पर चर्चा होनी शुरू हो गई है, जिस पर पहले भी कई बा हंगामा मचा है। फीफा 2023 महिला विश्व कप में महिला और पुरुष खिलाड़ियों को मिलने वाली राशि और वेतन में भारी अंतर देखने को मिलता है। इस अंतर को लेकर एक बार फिर से चर्चा शुरू हो गई है।
न्यूजीलैंड और नॉर्वे के बीच हुए ओपनिंग मुकाबले से पहले ही महिला विश्व कप के सीईओ डेविड बीचे ने इस मामले पर अहम बात कही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का ये टूर्नामेंट सिर्फ फुटबॉल के संबंध में नहीं है। ये महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के खेल को लेकर जश्न मनाने के संबंध में है। बता दें कि इस बार टूर्नामेंट 20 अगस्त तक खेला जाएगा। इस दौरान महिला खिलाड़ियों को कितनी राशि का भुगतान किया जाएगा इस पर भी एक नजर डालते है।
महिला खिलाड़ियों को पुरुषों की अपेक्षा चौथा हिस्सा दिया जाएगा। हालाँकि इस वर्ष महिलाओं को पहले से अधिक राशि दी जाएगी। वर्ष 2019 में हुए विश्व कप में महिला खिलाड़ियों को एक डॉलर पर सिर्फ आठ सेंट दिए गए थे जो इस वर्ष बढ़ाकर 25 सेंट किए गए है। फीफा और वैश्विक खिलाड़ियों के संघ फेडरेशन इंटरनेशनेल डेस एसोसिएशन डी फुटबॉलर्स प्रोफेशनल्स ने ये आंकड़े दिए है।
दरअसल, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले, फीफा ने घोषणा की थी कि महिला विश्व कप की रिकॉर्ड 110 मिलियन डॉलर (900 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि में से लगभग 49 मिलियन डॉलर (402 करोड़ रुपये) सीधे व्यक्तिगत खिलाड़ियों को दिए जाएंगे – प्रत्येक भाग लेने के लिए कम से कम 30,000 डॉलर (24 लाख रुपये) और विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 270,000 डॉलर (2.21 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। खिलाड़ियों ने इस कदम की सराहना करते हुए इसे “150 से अधिक राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों की जबरदस्त वैश्विक सामूहिक कार्रवाई का परिणाम” बताया है।
समान पुरस्कार राशि का लक्ष्य
गौरतलब है कि पुरुष और महिला खिलाड़ियों के बीच राशि के इस फर्क को कम करने के लिए फीफा लगातार काम कर रहा है। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने क्रमशः 2026 और 2027 में अपने अगले विश्व कप में पुरुषों और महिलाओं के लिए समान पुरस्कार राशि का लक्ष्य रखा है। बता दें कि वेतन समानता के लिए यह संघर्ष लंबा रहा है। दरअसल, 1991 और 1999 में महिलाओं के खेल में शून्य पुरस्कार राशि थी।