चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स के किले में सेंध लगाना किसी टीम के लिए आसान नहीं है। इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में मात देना बड़ी बात है। इस मैदान में चेन्नई की टीम का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। आज का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियस के बीच होना है जो आईपीएल की दो सबसे सफल टीमें है। इस मुकाबले को अल क्लासिको नाम दिया जाता है। मुंबई इंडियंस पांच और चेन्नई सुपर किंग्स चार बार की विजेता है।
दोनों टीमों के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों टीमों के बीच आंकड़ा देखे तो मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स पर हावी रहती है। दोनों टीमें कुल 37 बार आमने सामने आई है, जिसमें से मुंबई ने 21 मुकाबलों में जीत हासिल की है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स सिर्फ 16 मुकाबलों में ही विजय हासिल कर सकी है। हालांकि बीते पांच मुकाबलों में चेन्नई मुंबई पर हावी रही है। अंतिम मुकाबला जो इस सीजन में ही वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था उसमें चेन्नई की टीम ने जीत हासिल की थी। ऐसे में अब चेपॉक में इस हार का बदला मुंबई इंडियंस की टीम लेना चाहेगी। इस मैदान पर मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। इस मैदान पर सबसे अधिक जीत मुंबई ने ही हासिल की है।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2008 से अब तक चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की कुल सात बार मुकाबला हुआ है। इस दौरान मुंबई की टीम ने पांच बार जीत हासिल की है। चेन्नई अपने होम ग्राउंड पर मुंबई को सिर्फ दो बार ही मात दे सकी है। वर्ष 2010 में अंतिम बार मुंबई इंडियंस को चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स ने मात दी थी।