आईपीएल 2024 का 30वां मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में हैदराबाद ने बेंगलुरु को 25 रन से मात दी। SRH की ये चौथी जीत है जबकि आरसीबी को एक बार फिर हार का मुंह देखना पड़ा। उसने लगातार 5वां मैच गंवाया है। ट्रेविस हेड की तूफानी सेंचुरी के दम पर एसआरएच ने 287/3 का स्कोर खड़ा किया। ये आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। एसआरएच ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। हैदराबाद ने मौजूदा सीजन में 27 मार्च को मु्ंबई के खिलाफ 277 रन बनाए थे।
जवाब में आरसीबी की टीम सात विकेट पर 262 रन ही बना सकी।
कप्तान फाफ डु प्लेसी और दिनेश कार्तिक ने आरसीबी को चमत्कारिक जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। डु प्लेसी ने 28 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 62 रन बनाये जबकि कार्तिक ने 35 गेंद में 83 रन बना डाले जिसमें पांच चौके और सात छक्के शामिल थे।
डु प्लेसी और विराट कोहली ने तेज शुरूआत करते हुए सिर्फ 3 . 5 ओवर में 50 रन जोड़ लिये।
मार्कंडेय को स्लॉग स्वीप खेलने के प्रयास में कोहली चूके और गेंद स्टम्प पर जा लगी। उसके बाद आरसीबी ने 41 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिये। चौथा विकेट डु प्लेसी के रूप में गिरा जिन्होंने कमिंस को लगातार चौका छक्का लगाया लेकिन विकेट के पीछे क्लासेन को कैच दे बैठे।
इसी ओवर में कमिंस ने सौरव चौहान (0) को भी आउट किया।
इससे पहले ट्रेविस ने आरसीबी को शानदार शुरूआत देते हुए 41 गेंद में 102 रन बनाये जिसमें नौ चौके और आठ छक्के शामिल थे। इससे पहले आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज हेड ने अभिषेक शर्मा के साथ 49 गेंद में 108 रन की साझेदारी की। शर्मा ने 22 गेंद में 34 रन बनाये।
हेड ने आरसीबी के तेज गेंदबाजों रीसे टॉपली और ग्लेन मैक्सवेल की जगह उतरे लॉकी फर्ग्युसन की जमकर धुनाई की। आरसीबी के लिये पदार्पण कर रहे फर्ग्युसन ने पहले ही ओवर में 18 रन दे डाले। उनकी पहली गेंद पर हेड ने स्क्वेयर लेग के ऊपर से छक्का लगाया। अगली गेंद उन्होंने शॉर्ट डाली लेकिन हेड ने मिड आन पर छक्का लगा दिया।
इस बीच शर्मा को टॉपली ने स्कवेयर लेग पर फर्ग्युसन के हाथों लपकवाया।
इसके बाद हेड और क्लासेन ने चौकों छक्को की बरसात करके तेजी से रन बनाये।हेड ने तेज गेंदबाज विजयकुमार विशाख को चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया।
इसके बावजूद रनगति कम नहीं हुई। क्लासेन ने 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने बायें हाथ के आफ स्पिनर महिपाल लोमरोर के एकमात्र ओवर में 18 रन निकाले।
क्लासेन को विशाख ने फर्ग्युसन के हाथों लपकवाया।