आईपीएल 2025 में एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे या नहीं? इस पर सस्पेंस बरकार है। आईपीएल 2024 से पहले धोनी ने सीएसके की कप्तान छोड़ दी थी और ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया था। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने पांच खिताब अपने नाम किए हैं। वहीं एमएस धोनी ने अपने संन्यास को लेकर कहा कि अभी इसके लिए काफी समय है।
दरअसल, आईपीएल 2025 से पहले मेगा ऑक्शन होना है और इसके लिए क्या नियम होंगे इसको लेकर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की 10 फ्रेंचाइजी टीमों के मालिकों के साथ मीटिंग भी हो चुकी है। कितने खिलाड़ी रिटेन किए जा सकेंगे, कितने खिलाड़ियों के लिए राइट टू मैच का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसको लेकर अभी कुछ फाइनल नियम नहीं आए हैं।
ईएसपीएन क्रिकइंफो की खबर के मुताबिक जब धोनी से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि, इसके लिए अभी काफी समय है। इस साल जुलाई में धोनी 43 साल के हो चुके हैं। धोनी हैदराबाद में एक इवेंट में हिस्सा ले रहे थे। धोनी ने आगे कहा कि, देखना होगा कि प्लेयर रिटेंशन पर क्या फैसला लेते हैं। अभी गेंद हमारे पाले में नहीं है। एक बार फिक्स नियम बन जाएंगे, मैं अपना फैसला लूंगा। लेकिन जो भी फैसला होगा वो टीम के लिए बेस्ट होना चाहिए।
धोनी की कप्तानी में सीएसके पांच आईपीएल खिताब जीत चुका है और वो रोहित शर्मा के साथ आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान भी हैं। आईपीएल 2024 में सीएसके के प्रदर्शन की बात करें तो टीम प्लेऑफ पहुंचने से चूक गई थी और 14 पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर रही थी। आरसीबी 14 पॉइंट्स के साथ प्लेऑफ में पहुंचा था, क्योंकि उसका नेट रनरेट सीएसके से बेहतर था।