इंडियन प्रीमियर लीग का 16वां संस्करण जल्द ही शुरु होने वाला है, जिसके लेकर टीमों के साथ साथ फैंस भी उत्साहित है। आईपीएल में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों ने अपनी तैयारियां जोर शोर से जारी की हुई है। वहीं बात जब लीग की सबसे सफल टीमों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स की होती है तो फैंस में अलग ही उत्साह देखने को मिलता है।
चेन्नई सुपर किंग्स और फैंस के बीच अलग ही रिश्ता है जो वर्षों से कायम है। इसका खास कारण है टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जिन्हें पीली जर्सी में खेलते देखना फैंस के लिए काफी सुखद अनुभव होता है। अबतक धोनी के नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स चार बार खिताब पर कब्जा कर चुकी है और नौ बार फाइनल में पहुंच चुकी है। चेन्नई निश्चित तौर पर लीग की सबसे अहम और खास टीम है।
माना जा रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स के साथ महेंद्र सिंह धोनी का ये अंतिम सीजन हो सकता है। ऐसे में फैंस और खुद धोनी भी इस सीजन को यादगार बनाना चाहेंगे। इस सीजन को जीतने के उद्देश्य से सीएसके की टीम इन दिनों एमए चिदंबरम स्टेडियम लगातार प्रैक्टिस कर रही है। अपने फेवरेट कप्तान एमएस धोनी को प्रैक्टिस करता देख सीएसके के फैंस काफी खुश हैं और टीम का प्रैक्टिस सेशन देखने के लिए भी स्टेडियम में पहुंच रहे है।
इस प्रैक्टिस से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया गया है। इस वीडियो में चेन्नई के थाला यानी धोनी हाथ में बल्ला लेकर क्रिज की तरफ प्रैक्टिस करने के लिए बढ़ते दिख रहे है। क्रिज की तरफ बढ़ते हुए धोनी का अपना ही अंदाज दिख रहा है। हाथ में बल्ला लिए और हेलमेट पहने वो आगे बढ़ते दिखते है। धोनी को क्रिज पर जाता देख पूरे स्टेडियम में धोनी-धोनी की गूंज होने लगती है। बता दें कि बीते सीजन में रविंद्र जडेजा की कप्तानी में चेन्नई की टीम प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी थी।
हालांकि बाद में कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी गई थी। इस बार टीम में धोनी के साथ इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज बेन स्टोक्स भी है, जो टीम को मजबूती देंगे। बता दें कि इस बार आईपीएल में होम एंड अवे के फॉर्मेट में मुकाबले खेले जाएंगे। इस कड़ी में चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में भी कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे।