महिला प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस की टीम बेजोड़ खेल दिखाते हुए धमाकेदार प्रदर्शन कर रही है। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी हर मुकाबले में कप्तानी पारी खेलते हुए दिखती है। मुंबई इंडियंस की टीम ने लीग में अब तक खेले गए अपने सभी मुकाबलों में जीत हासिल की। मुंबई इंडियंस पांच मुकाबलों में जीत हासिल कर पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंच गई है।
मुंबई इंडियंस ने अपना पिछला मुकाबला गुजरात जायंट्स के खिलाफ खेला था जिसमें जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने में सफलता पाई है। मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। लगातार जीत के साथ टूर्नामेंट के खिताब पर कब्जा करने की दावेदारी को भी टीम ने बनाए रखा है।
ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में गुजरात की टीम 107 रन बना सकी। इस मुकाबले में 55 रनों से मुंबई को जीत मिली, जो टूर्नामेंट में उसकी लगातार पांचवी जीत है। इस जीत के साथ ही हरमनप्रीत कौर ने नया इतिहास कायम कर दिया है।
लीग की नंबर एक कप्तान बनी
हरमनप्रीत कौर ने मुंबई इंडियंस को पहले ही टूर्नामेंट में कई उपलब्धियां हासिल करवाई है। हरमनप्रीत कौर इकलौती ऐसी कप्तान बन गई है जिन्होंने कप्तान के तौर पर एक साथ सबसे अधिक मैच टीम को जितवाए है। भारतीय खिलाड़ियों के संदर्भ में बात चाहे पुरुष आईपीएल की हो या डब्ल्यूपीएल की, हरमनप्रीत लगातार जीत का पंजा लगाने वाली पहली कप्तान बनी है। उन्होंने एक साथ सबसे अधिक मैच जीते है। मुंबई इंडियंस को हरमनप्रीत कौर ने सबसे अधिक मुकाबलों में जीत दिलवाई है।
दिग्गजों को पछाड़ा
हरमनप्रीत कौर ने इस उपलब्धि को हासिल करते ही आईपीएल के कई सफल कप्तानों को भी पीछे छोड़ दिया है। महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, गौतम गंभीर, हार्दिक पांड्या, रविचंद्र अश्विन, ऋषभ पंत समेत कोई खिलाड़ी अब तक पांच मुकाबलों में टीम को जीत नहीं दिला सकता है। सभी खिलाड़ियों के खाते में चार मुकाबलों में जीत शामिल है।
बता दें कि हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में मुंबई इंडियंस शुरुआती पांच मुकाबले जीतने वाली पहली टीम बन गई है। अब तक आईपीएल में भी किसी टीम ने ये उपलब्धि हासिल नहीं की है। बता दें कि मुंबई की टीम ने गुजरात को 143 रनो, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को नौ विकेट, दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट, यूपी वॉरियर्स को 8 विकेट और गुजरात जायंट्स को 55 रनों से मात दी है।