रणजी ट्रॉफी 2024-25 के इस सीजन में जम्मू-कश्मीर के सामने मु्ंबई ढेर हो गई। लेकिन शार्दुल ठाकुर ने अर्धशतकीय पारी खेलकर मुंबई का स्कोर 100 के पार पहुंचाने का काम किया। अगर शार्दुल ये पारी नहीं खेलते तो मुंबई का हाल और भी बुरा हो सकता है।
इस मैच में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज करने का फैसला किया था, लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने जम्मू कश्मीर के गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए। मुंबई की टीम महज 120 रन पर ही सिमट गई। मुंबई को इतने कम स्कोर पर समटने में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज उमर नजीर और युद्धवीर सिंह की बड़ी भूमिका रही।
जम्मू-कश्मीर के खिलाफ इस मैच की पहली पारी में मुंबई के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों पर 2 छक्के और 5 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली और वो इस टीम के बेस्ट स्कोरर भी रहे। इसके अलावा तनुष कोटियान ने आखिरी समय पर 26 रन की अहम पारी खेली और इनकी बल्लेबाजी के दम पर मुंबई का स्कोर 120 रन तक पहुंच पाया। इस दौरान मैच में रोहित शर्मा 3 तो यशस्वी जायसवाल 4 रन पर आउट हो गए।
दूसरी तरफ रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल के अलावा टीम इंडिया के अन्य स्टार खिलाड़ी शुभमन गिल, ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी भी घरेलू मैचों में फेल साबित हुए। पंजाब की कप्तानी करने वाले शुभमन गिल का तो हाल ही बुरा रहा। उनकी पूरी टीम कर्नाटक के खिलाफ महज 55 रनों पर ही सिमट गई। तो दिल्ली की ओर से खेलते हुए ऋषभ पंत का बल्ला भी नहीं चला। सौराष्ट्र के खिलाफ मैच में वह महज एक रन ही बना पाए। धमेंद्र जडेजा ने उनको अपना शिकार बनाया।
वहीं जम्मू-कश्मीर के खिलाफ यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे के बाद भारत के दो इंटरनेशनल खिलाड़ी श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे भी कुछ खास नहीं कर सके। अय्यर 11 तो शिवम दुबे बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटे।