इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में 12 मई को मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया जिसमें मुंबई इंडियंस ने 27 रनों से जीत हासिल की है। रोहित शर्मा ने पहले बैटिंग करते हुए 218 रन बनाए और गुजरात को 219 रनों का लक्ष्य दिया। हालांकि गुजरात की टीम इस लक्ष्य को हासिल करने में सफल नहीं हुई और सिर्फ 191 रन बना सकी।
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 49 गेंदों में नाबाद 103 रन बनाए और आईपीएल के करियर में अपना पहला शतक जड़ा। इस पारी में उन्होंने 11 चौके और छह छक्के जड़े। सूर्या ने इस मैच में 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से इस शतक को जड़ा है। टी20 फॉर्मेट में सूर्या ने कुल चार शतक जड़े है, जिसमें उन्होंने हर बार 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है।
मैच में बनाए कई रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव के 103 रन गुजरात टाइंट्स के खिलाफ सर्वाधिक स्कोर है। गुजरात के खिलाफ शतक जड़ने वाले सूर्यकुमार पहले खिलाड़ी है। इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ इसी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के रुतुराज गायकवाड़ ने 92 रन बनाए थे, मगर वो शतक जड़ने से चूक गए थे। इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले सीजन में जोस बटलर ने 89 रन बनाए थे।
खास क्लब में शामिल हुए सूर्या
सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज है। इंडियन प्रीमियर लीग में इससे पहले मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सनथ जयसूर्या ने 114 रन बनाए थे। इसके बाद रोहित शर्मा ने कोलकाता के खिलाफ खेलते हुए नाबाद 109 रन बनाए थे। अब तीसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव आ गए है।
गौरतलब है कि जिस तरह से इस सीजन में सूर्यकुमार यादव फॉर्म में लौटे है उनकी ताबड़तोड़ बैटिंग जारी है। मुंबई इंडियंस की काफी मुश्किल सूर्यकुमार यादव के फॉर्म में लौटने से कम हो गई है। सूर्यकुमार यादव के फॉर्म में लौटने की बदौलत ही मुंबई इंडियंस ने पॉइंट्स टेबल में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है, जो शुरुआती मुकाबलों में पिछड़ी हुई थी।
ऐसा रहा है सूर्या का ये सीजन
इस सीजन में सूर्य कुमार यादव की परफॉर्मेंस की बात की जाए तो पिछली सात पारियों में से पांच पारियों सूर्य कुमार यादव ने अर्धशतक पूरा किया है। सूर्या ने सात पारियों में 68.33 की औसत से रन बनाए है। उनका स्ट्राइक रेट 202.45 का रहा है और उन्होंने कुल 413 रन बनाए है। सूर्य कुमार यादव ने 12 पारियां खेली और 479 रन बनाए है। सूर्य कुमार यादव ने चार अर्धशतक और एक शतक जड़ा है। सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में फॉर्म पकड़ी है जिसके बाद उनके तूफान को रोकना मुश्किल हो गया है। सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर ऑरेंज कैप की रेस में भी खुद को तीसरे स्थान पर लेकर आया है।