Breaking News

अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी Arun Singh का निधन

विश्व ‘वेटरन्स’ चैंपियनशिप (2023) के कांस्य पदक विजेता अरुण सिंह बरहाट का 29वीं मास्टर्स (अधिक उम्र के खिलाड़ियों की प्रतियोगिता) राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप के लिए यहां पहुंचने के बाद निधन हो गया।
वह 77 साल के थे। उनके परिवार में बेटी आत्मिका, दामाद और दो पोतियां है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को गृह नगर जोधपुर में किया जाएगा।
अरुण सिंह राजस्थान के अपने साथियों के साथ रविवार को जालंधर पहुंचे थे। उन्हें आज (सोमवार) से शुरू होने वाले मास्टर्स टूर्नामेंट में भाग लेना था।
अरुण को होटल पहुंचने के बाद शाम को स्टेडियम जाना था लेकिन कमरे का दरवाजा खटखटाने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उनके दोस्तों ने होटल के कर्मचारियों की मदद मांगी।

दरवाजा खुलने पर उन्होंने अरुण सिंह को असहज स्थिति में पाया और उन्हें पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि उनकी मौत हृदय गति रुकने से हुई।
अरुण सिंह एक जुनूनी टेबल टेनिस खिलाड़ी थे और उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया था। वह नियमित तौर पर राष्ट्रीय ‘वेटरन्स’ चैंपियनशिप में खेलते थे। जहां उन्होंने कई पदक जीते। उन्होंने पिछले साल श्रीनगर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पुरुष युगल का स्वर्ण भी जीता था।

टीटीएफआई (भारतीय टेबल टेनिस महासंघ) की अध्यक्ष मेघना अहलावत ने उनके असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने खेल के प्रति उनके समर्पण और जुनून के बारे में बहुत कुछ सुना है। बिरादरी के लोग उनकी प्रतिभा और क्षमता की तारीफ करते थे।  यह टेबल टेनिस परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है, खासकर उनके परिजनों के लिए।

Loading

Back
Messenger