मुंबई के तमाम दिग्गज क्रिकेटर्स हाल ही में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं वर्षगाठ समारोह में पहुंचे थे, जिसे मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की ओऱ से आयोजित किया गया था। इस समारोह में टीम इंडिया के पू्र्व बल्लेबाज विनोद कांबली भी पहुंचे थे। तमाम बीमारियों से जूझने वाले कांबली को हाल ही में हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया था।
अस्तपाल से डिस्चार्ज होने वाले कांबली वानखेड़े स्टेडियम समारोह के जरिए पहली बार पब्लिक में दिखाई दिए। इस दौरान कांबली ने टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर के पैर छुए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हाल ही में हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने वाले कांबली ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे लेकिन फिर भी उन्होंने गावस्कर के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
वहीं कांबली का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल होता है। इस वीडियो में कांबली पहले पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर से मिलते हैं फिर वह पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर से मुलाकात करते हैं। इसके बाद चलकर सुनील गावस्कर के पास जाते हैं। इस दौरान साफ तौर पर देखा जाता है कि कांबली को चलने में काफी दिक्कत होती है।
कांबली को असहज होकर चलता देख दो लोगों ने उनका हाथ पकड़ा और उन्हें सुनील गावस्कर के पास ले गए। पहले कांबली ने दिग्गज गावस्कर से हाथ मिलाया और फिर पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कांबली को समारोह में सम्मानित भी किया गया। फिर इसके बाद दो लोग कांबली को पकड़कर ले गए और वापस बैठा दिया।
वहीं इस दौरान कांबली युवा क्रिकेटर पृथ्वी शॉ से भी मिले। बता दें कि, इस समय शॉ अपने करियर के कठिन दौर से गुजर रहे हैं। शॉ, जिन्हें भारतीय क्रिकेट में एक होनहार प्रतिभा के रूप में देखा जाता था ने पिछले साल कठिन दौर का सामना किया। दिसंबर 2024 में विजय हजारे ट्रॉफी से बाहर होने के बाद, 25 वर्षीय सलामी बल्लेबाज आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में भी अनुबंध हासिल करने में विफल रहे।