इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में वो लम्हा हर क्रिकेट फैन को याद है जब अंतिम ओवर में रिंकू सिंह ने यश दयाल की गेंद पर पांच छक्के जड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिलाई थी। इस मुकाबले के बाद ही वो चर्चा में आए थे। अब यश दयाल एक बार फिर से चर्चा में आ गए है।
दरअसल इस बार यश दयाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने अकाउंट से ऐसा पोस्ट शेयर कर दिया है कि उन्हें इस पोस्ट को शेयर करने के लिए माफी मांगनी पड़ी है। यश दयाल ने दिल्ली में हाल ही में हुए साक्षी हत्याकांड को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है। ये पोस्ट लव जिहाद से संबंधित है। इस स्टोरी को शेयर करने के बाद सोशल मीडिया पर यश को जमकर ट्रोल किया गया।
इस पोस्ट को शेयर करने और ट्रोल होने के बाद उन्होंने इस पोस्ट को करने के लिए माफी मांगी। उन्होंने ये भी कहा कि वो सभी धर्मों की इज्जत करते है। बता दें कि यश दयाल ने पोस्ट शेयर किया था जिसमें एक लड़का सिर पर टोपी पहने और हाथ में चालू किए घुटनों पर बैठा है। लड़की का हाथ पकड़ा है और उसकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई है। पास में लड़की की लाश पड़ी है जिसपर साक्षी लिखा है। फोटो में आसपास कई कब्रें है जिन पर हिंदू लड़कियों के नाम लिखे है।
फैंस ने लिया आड़े हाथों
यश दयाल की इस स्टोरी के पोस्ट करने के बाद उन्हें फैंस ने काफी ट्रोल किया है। फैंस ने उन्हें साफ कहा कि वो समाज में नफरत ना फैलाएं। फैंस ने उन्हें अपनी आईपीएल टीम गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों मोहम्मद शमी और राशिद खान के खिलाड़ियों के बारे में याद दिलाते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए। वहीं फैंस द्वारा लगातार विरोध होने के बाद यश दयाल को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने स्टोरी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। उन्होंने अपनी नफरत फैलाने वाली स्टोरी को विरोध के बाद डिलीट कर दिया है।