Breaking News

Greatest Of All Time । सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन Pele के वो रिकार्ड्स, जिनके करीब भी नहीं पहुंच पाया कोई फुटबॉलर

फुटबॉल के महान खिलाड़ियों में शुमार पेले का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। पेले लंबे समय से कोलन कैंसर से जूझ रहे थे। 29 दिसंबर को उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके कारण उनका गुरुवार देर रात निधन हो गया। दिग्गज फुटबॉलर अब भले ही इस दुनिया में नहीं रहें, लेकिन वह अपने पीछे शानदार रिकार्ड्स की एक बड़ी विरासत छोड़ कर गए हैं। पेले के जिंदा रहते हुए कोई भी फुटबॉलर उनके इन रिकार्ड्स के करीब भी नहीं पहुंच पाया, इसलिए सभी रिकॉर्ड आज तक कायम हैं। आज हम आपको ब्राजील के महान फुटबॉलर की जिंदगी से जुड़े कुछ रोचक तथ्य और उनकी खास उपलब्धियां बताने जा रहे हैं, जो ये बताने के लिए काफी है कि पेले को ‘ग्रेट ऑफ आल टाइम (GOAT)’ क्यों कहा जाता था।
15 साल की उम्र में पेले ने की थी करियर की शुरुआत
पेले का असली नाम एडसन अरांतेस डो नास्सीमिएंटो था, जिसे अमेरिकी आविष्कारक थॉमस एडिसन के नाम पर रखा गया था। पेले 15 साल के थे, जब उन्हें ब्राज़ीलियाई क्लब सैंटोस द्वारा साइन किया गया था। 7 सितंबर 1956 में, पेले ने FC कोरिंथियंस के खिलाफ लीग मैच में डेब्यू किया था। लीग डेब्यू मैच में पेले ने चार गोल किए थे।
 

इसे भी पढ़ें: Pele को इन Goals ने बनाया GOAT, जानें उनके शानदार खेल और गोल के बारे में

तीन बार फीफा विश्व कप चैंपियनशिप जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे पेले
ब्राजील, फुटबॉल की दुनिया में सबसे ज्यादा विश्व कप जीतने वाला देश है। ब्राजील ने अबतक पांच विश्व कप जीते हैं, जिनमें से तीन में पेले टीम में शामिल थे। पेले के टीम में रहते हुए ब्राजील ने 1958 और 1962 में, एक के बाद एक दो विश्व कप जीते थे। आखिरी बार पेले ने 1970 में विश्व कप जीता था। पेले सहित 21 खिलाड़ियों ने एक से अधिक बार विश्व कप जीता है। लेकिन पेले एकमात्र ऐसे खिलाडी हैं, जिन्होंने तीन बार विश्व कप जीता। पेले का यह रिकॉर्ड गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की बुक में शामिल है।
फीफा में अब तक के सबसे कम उम्र में स्कोर और सबसे कम उम्र में विश्व कप चैंपियन बनने वाले खिलाड़ी
पेले ने 17 साल की उम्र में अपना पहला फीफा कप खेला था। वह 17 साल और 239 दिन के थे, जब उन्होंने फीफा विश्व कप में स्कोर करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने की उपाधि हासिल की थी। 1958 में, पेले ने फीफा के क्वार्टर फाइनल मैच में वेल्स के खिलाफ अपना पहला विश्व कप गोल दागा था। इसके दस दिन बाद, पेले ने सबसे कम उम्र के विश्व कप विजेता की उपाधि हासिल की। 28 जून 1958 को, 17 साल और 249 दिन की उम्र में पेले ने फीफा फाइनल में स्वीडन के खिलाफ ब्राजील की जीत का नेतृत्व किया था।
1958 के फीफा विश्व कप में पेले हैट्रिक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने। पेले से जुडी एक दिलचस्प बात यह भी है कि वह फीफा में अब तक के सबसे कम उम्र में स्कोर करने वाले और सबसे कम उम्र में विश्व कप चैंपियन बनने वाले खिलाड़ी के अलावा 18 साल की उम्र में अपने पहले विश्व कप में स्कोर करने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी भी हैं।
 

इसे भी पढ़ें: Brazil के फुटबॉल लेजेंड पेले का निधन, करियर में किए थे 1279 गोल, 17 साल में टीम को बनाया था World Champion

फुटबॉल करियर में सबसे ज्यादा गोल करने वाले एक मात्रा खिलाड़ी
पेले ने कई रिकार्ड्स अपने नाम किए जिसमें सबसे ज्यादा गोल दागने वाले फुटबॉल खिलाड़ी का भी रिकॉर्ड शामिल है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के दस्तावेजो के अनुसार, पेले ने 1,363 खेलों में 1,279 गोल किए। बता दें, पेले के गोल के सटीक आंकड़ों से बहुत से लोग सहमत नहीं हैं। फीफा और दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल परिसंघ CONMEBOL के मुताबिक पेले ने 1,363 खेलों में 1,281 गोल किए। जबकि पेले ने खुद अपने करियर में 1,283 गोल करने का दावा किया था।
पेले से जुड़े कुछ और रोचक तथ्य-
– पेले ने अपने करियर में तीन विश्व कप, दो विश्व क्लब चैंपियनशिप और नौ साओ पाउलो स्टेट चैंपियनशिप जीतीं।
– 1961 में, ब्राजील के राष्ट्रपति जेनियो क्वाड्रोस की सरकार ने पेले को ‘आधिकारिक राष्ट्रीय खजाना’ घोषित किया था।
– 1969 में, पेले के खेल को देखने के लिए नाइजीरियाई गृह-युद्ध 48 घंटों के लिए रोक दिया गया था।
– 1997 में, पेले को ब्रिटिश नाइटहुड की मानद उपाधि दी गई थी।
– 19 नवंबर, 1969 को पेले ने अपने करियर का 1000वां गोल किया था, इस दिन को पेले दिवस के रूप में मनाया जाता है।

Loading

Back
Messenger