Breaking News

Rinku Singh की बल्लेबाजी से गुस्साए टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जिताने वाले हीरो, ट्विटर पर निकाली भड़ास

कोलकाता नाइट राइडर्स के रिंकू सिंह ने एक मुकाबले में अंतिम ओवर में सर्वाधिक रन बनाकर लाइमलाइट हासिल की थी। मगर कोलकाता और दिल्ली के बीच खेले गए बीते मुकाबले में रिंकू सिंह की बल्लेबाजी काफी खराब रही जिस कारण उन्हें दिग्गज खिलाड़ी का गुस्सा झेलना पड़ा है।
 
दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मुकाबले में कोलकाता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। कोलकाता की टीम ने दिल्ली के सामने पहले बल्लेबाजी की मगर टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। टीम के दो खिलाड़ी रिंकू सिंह और मनदीप सिंह दोनों ही खराब शॉट खेलने के कारण पवेलियन लौट गए। एक तरफ जहां मनदीप सिंह ने 11 गेंदों में 12 रन बनाए तो वहीं रिंकू ने आठ गेंदों में छह रन बनाए। रिंकू सिंह इस मुकाबले में खराब शॉट खेल गए और अक्षर पटेल की गेंद पर कैच थमा बैठे। कोलकाता की टीम सिर्फ 127 रन ही बना सकी थी।
 
युवराज का फूटा गुस्सा
इस मुकाबले में रिंकू सिंह की पारी को देखकर भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह का गुस्सा फूटा है। युवराज सिंह ने रिंकू सिंह को इस खराब खेल के लिए जमकर लताड़ा है। युवराज सिंह ने लिखा कि मुश्किल की घड़ी में जिस तरह का खेल रिंकू सिंह और मनदीप सिंह ने दिखाया है उन दोनों की अप्रोच से मैं खुश नहीं हूं। आपके आत्मविश्वास से फर्क नहीं पड़ता क्योंकि विकेट गिरने के समय में पार्टनरशिप बनाना अधिक जरुरी होता है। टीम के सामने आई विकट परिस्थिति में दोनों खिलाड़ियों को 15 ओवर तक टिके रहने पर जोर देना चाहिए।
 
रसेल ने संभाली जिम्मेदारी
कोलकाता की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सिर्फ 127 रन बनाए जो काफी कम है। हालांकि ये स्कोर भी आंद्रे रसेल की बदौलत ही टीम हासिल कर सकी है। आंद्रे रसेल ने मुश्किल समय में टीम के लिए धमाकेदार बल्लेबाजी की और टीम के लिए अच्छा स्कोर खड़ा किया। उन्होंने 31 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों की बदौलत कुल 38 रन बनाए। अंतिम ओवर में रसेल के बल्ले से तीन धमाकेदार छक्के निकले जिससे टीम के स्कोर में अच्छी बढ़ोतरी हुई।
 
दिल्ली कैपिट्ल्स के छूटे पसीने
वहीं इस छोटे स्कोर को हासिल करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम के भी पसीने छूट गए। काफी मुश्किलों से 19.2 ओवर में चार विकेट से दिल्ली ने ये मुकाबला जीता। दिल्ली कैपिटल्स की इस टूर्नामेंट में ये पहली जीत थी। दिल्ली अब तक खेले गए छह मुकाबलों में से पांच हार चुकी है। मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने कप्तानी पारी खेलते हुए अर्धशतक जमाया।
 
 

Loading

Back
Messenger