चेन्नई सुपर किंग्स को एक बड़ा झटका लगा। दरअसल, टीम के हेड कोच ने पुष्टि की है कि टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी के फ्रैक्चर के कारण आईपीएल 2025 से बाहर हो गए हैं। 28 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज को 30 मार्च को गुवाहाटी में खेले गए चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2025 मैच के दौरान वह चोटिल हो गए थे। अब बाकी बचे मैचों में महेंद्र सिंह धोनी टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। वहीं कहा जा रहा है कि, ऋतुराज की जगह सीएसके में पृथ्वी शॉ को मौका मिल सकता है। फिलहाल, पृथ्वी शॉ आईपीएल 2025 मेगा नीलामी में अनसोल्ड रहे।
चेन्नई सुपर किंग्स एक ऐसे बल्लेबाज को अपनी टीम में शामिल करना चाहेगी, जो गायकवाड़ की जगह ले सके। गायकवाड़ सीएसके के लिए एक धाकड़ बल्लेबाज थे। उन्होंने कई सीजन में अपनी टीम केलिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। गायकवाड़ की जगह लेने के लिए भारत के तीन खिलाड़ियों की चर्चा जोरों पर है। इनमें से एक नाम पृथ्वी शॉ का भी है। पृथ्वी शॉ लगातार टीम इंडिया के सेटअप से बाहर चल रहे हैं और आईपीएल की मेगा नीलामी में भी उनको कोई खरीददार नहीं मिला है।
इन तीन खिलाड़ियों पर CSK की नजर
पृथ्वी शॉ- पृथ्वी शॉ को आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला। लेकिन वह गायकवाड़ के प्रतिस्थापन के रूप में अब चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो सकते हैं। मुंबई के 25 वर्षीय दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आईपीएल 2018 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे और अब तक खेले गए 79 आईपीएल मैचों में उनके नाम 1892 रन हैं। भारत के पूर्व अंडर-19 कप्तान एक आक्रामक बल्लेबाज हैं जो आईपीएल 2025 में चेन्नई स्थित फ्रैंचाइजी को धमाकेदार शुरुआत दे सकते हैं।
मयंक अग्रवाल- मयंक आईपीएल में आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, पंजाब किंग्स और एसआरएच के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 में पीबीकेएस के कप्तान के रूप में भी काम किया। अब तक खेले गए 127 आईपीएल मैचों में कर्नाटक के 34 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज के नाम 2661 रन हैं। गायकवाड़ की तरह वह पारी की शुरुआत करने के साथ-साथ नंबर 3 पर बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।
आयुष म्हात्रे- आयुष मुंबई के 17 वर्षीय बल्लेबाज हैं। हाल ही में सीएसके फ्रेंचाइजी ने उन्हें मिड-सीजन ट्रायल के लिए बुलाया था। जिससे गायकवाड़ के प्रतिस्थापना केरूप में उनके टीम में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है। इस युवा खिलाड़ी ने अब तक 9 प्रथम श्रेणी और सात लिस्ट ए मैच खेले हैं।