Breaking News

जम्मू में पार्किंग विवाद को लेकर भाजपा नेता को गोली मारने का आरोपी गिरफ्तार

जम्मू पुलिस ने यहां पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा के एक युवा नेता पर गोली चलाने के आरोप में एक सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘बख्शी नगर थाने को न्यू प्लॉट इलाके में पार्किंग विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना की सूचना मिली। अधिवक्ता कनव शर्मा शुक्रवार को विद्युत विकास विभाग (पीडीडी) के लाइनमैन के कमरे के बाहर गली में अपना वाहन खड़ा कर रहे थे, तभी पीडीडी कर्मचारी रविंदर सिंह का उनके साथ विवाद हो गया।’’

उन्होंने बताया कि बहस के दौरान दोनों के बीच हाथापाई हो गई। प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और कनव पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि कनव को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया और बाद में आगे के इलाज के लिए जीएमसी रेफर कर दिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि घटना के बाद सिंह मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि सिंह की तलाश शुरू की गई और उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
कनव शर्मा जम्मू जिले के भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं और वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्र मोहन शर्मा के बेटे हैं।

Loading

Back
Messenger