Breaking News

बेटे के भाजपा में शामिल होने पर एके एंटनी बोले- यह बहुत ही गलत फैसला, कांग्रेस बोली- आज विश्वासघात का दिन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। अपने बेटे अनिल एंटनी के भाजपा में शामिल होने पर एके एंटनी ने कहा कि अनिल के भाजपा में शामिल होने के फैसले ने मुझे आहत किया है। यह बहुत ही गलत फैसला है। उन्होंने कहा कि भारत का आधार एकता और धार्मिक सद्भाव है। 2014 के बाद, मोदी सरकार सत्ता में आई, वे व्यवस्थित रूप से विविधता और धर्मनिरपेक्षता को कमजोर कर रहे हैं। भाजपा केवल एकरूपता में विश्वास करती है, वे देश के संवैधानिक मूल्यों को नष्ट कर रहे हैं। 
 

इसे भी पढ़ें: Adani Case: राहुल गांधी के आरोपों पर वित्त मंत्री बोलीं, PM पर बेबुनियाद आरोप लगाने की हो चुकी है आदत

दूसरी ओर अब कांग्रेस की प्रतिक्रिया भी आई है। कांग्रेस ने साफ तौर पर कहा है कि आज विश्वासघात का दिन है। कांग्रेस ने कहा कि अनिल एंटनी ने ईस्टर त्योहार से पहले अपने पिता को धोखा दिया है। आपको बता दें कि एके एंटनी कांग्रेस के काफी वरिष्ठ नेता हैं। वह केरल के तीन बार मुख्यमंत्री रहे हैं। इसके अलावा वह 8 वर्षों तक मनमोहन सिंह की सरकार में देश के रक्षा मंत्री रहे हैं। उन्हें गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता है। 
केपीसीसी प्रमुख के सुधाकरन ने कहा कि अनिल को पार्टी की कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है और उनका भाजपा में शामिल होना कांग्रेस के लिए चिंता का विषय नहीं है। सुधाकरन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि आज (मौंडी गुरुवार) यहूदा (इस्कैरियट) का दिन है जिसने 30 चांदी के सिक्कों के भुगतान के लिए ईसा मसीह को धोखा दिया। उस दिन ऐसी कई चीजें होंगी। इस (अनिल के भाजपा में शामिल होने) को भी एक ऐसी घटना के रूप में देखा जाना चाहिए। अनिल एंटोनी बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा से मुलाकात की।
 

इसे भी पढ़ें: BJP पर कांग्रेस का वार, खड़गे बोले- मोदी सरकार लोकतंत्र की बहुत बातें कहती है लेकिन उसके तहत चलती नहीं हैं

अनिल एंटोनी ने भाजपा में शामिल होने पर कहा कि एक भारतीय युवा होने के नाते मुझे ऐसा लगता है कि यह मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि मैं प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के दृष्टिकोण में अपना योगदान दूं। उन्होंने कगा कि कांग्रेस के बहुत से नेता मानते हैं कि उनका काम एक खास परिवार के लिए काम करना है, लेकिन मेरा मानना ​​है कि मेरा काम लोगों के लिए काम करना है। अगले 25 वर्षों में भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए पीएम मोदी की स्पष्ट दृष्टि है। 

Loading

Back
Messenger