Breaking News

जानिए ‘एंबुलेंस मैन’ Jitender Singh Shunty को, जिन्हें विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में ले आए केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह शंटी को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई हैं। आप नेता राम निवास गोयल के इस्तीफे के बाद केजरीवाल को दिल्ली की शाहदरा सीट पर एक कद्दावर उम्मीदवार की तलाश थी। इसके चलते अब पूर्व भाजपा नेता शंटी को शाहदरा से आप के टिकट पर चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। जिसके बाद शाहदरा विधानसभा सीट पर भाई-बहन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
केजरीवाल ने की शंटी की तारीफ
अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व भाजपा विधायक जितेंद्र सिंह शंटी का आम आदमी पार्टी में शामिल होने का एलान किया। इसके साथ ही उन्होंने शंटी की जमकर तारीफ की। केजरीवाल ने कहा, ‘जितेंद्र सिंह शंटी ना केवल दिल्ली और देश बल्कि विदेशों में भी चर्चित हैं। 29-30 सालों से समाज सेवा में सक्रिय हैं। उन्हें एंबुलेंस मैन जैसे नाम से जाना जाता है। खासकर उन्होंने जिस तरह मृत लोगों को सम्मान दिया है, उनके बारे में कोई नहीं सोचता। क्योंकि उनसे वोट तो मिलता नहीं है। उनका ख्याल तो सच्चा और अच्छा इंसान ही रख सकता है।”
लगभग 70 हजार शवों का अंतिम संस्कार करा चुके हैं शंटी
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जितेंद्र सिंह शंटी के बारे में बताते हुए आगे कहा, “अभी तक वह 70 हजार से ज्यादा शवों का अंतिम संस्कार करा चुके हैं। खासकर कोरोना महामारी के काल में जब लोग अपने घर के लोगों का शव नहीं लेते थे, उस वक्त शंटी जी ने कई शवों का अंतिम संस्कार कराया। इस वजह से उन्हें खुद भी कोरोना हो गया था। उस वक्त जब उनका पूरा परिवार कोरोना से पीड़ित था तब भी वह मिशन में लगे रहे। उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। वह बीमार लोगों को एंबुलेंस उपलब्ध कराते हैं, रक्तदान का कैंप लगाते हैं।’
शहीद भगत सिंह सेवा दल फाउंडेशन चलाते हैं जिंतेंद्र सिंह शंटी
देश के मशहूर समाजसेवी और पद्म श्री विजेता जितेंद्र सिंह शंटी ने खुद के बारे में बताया कि वह 106 बार रक्तदान कर रिकॉर्ड बना चुके हैं। उन्होंने शहीद भगत सिंह सेवा दल (एसबीएस) फाउंडेशन की स्थापना भी की है। दिल्ली और आसपास के शहरों में उन्हें एंबुलेंस मैन के नाम से भी जाना जाता है। जितेंद्र सिंह शंटी 2013 के चुनाव में शाहदरा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। दो बार झिलमिल वार्ड के पार्षद भी रह चुके हैं। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें आप के उम्मीदवार राम निवास गोयल के मुकाबले हार का सामना करना पड़ा था।
बीजेपी के टिकट पर 2013 में जीता था चुनाव
दिल्ली की हॉट सीटों में गिनी जाने वाली शाहदरा विधानसभा सीट पर भाई-बहन के बीच कांटे की टक्कर हो सकती है। दरअसल 2013 में शंटी ने बीजेपी के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में बंपर जीत हासिल करके शंटी दिल्ली विधानसभा का हिस्सा बने। मगर अगले चुनाव में उन्हें रामनिवास गोयल के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था। ऐसे में शंटी ने सियासत से संन्यास लेकर समाजसेवा शुरू कर दी थी।

Loading

Back
Messenger