Gujarat में Amit Shah ने मनाई होली, कहा- राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के कारण इस साल की होली विशेष

अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होने के कारण इस साल की होली विशेष है। शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ होली मनाई। शाह और पटेल ने यहां थलतेज इलाके में भाजपा के गांधीनगर लोकसभा कार्यालय में जुटे पार्टी नेताओं को रंग लगाया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य मयंक नायक, विधायक अमित ठक्कर, गांधीनगर के महापौर हितेश मकवाणा, गुजरात भाजपा महासचिव के सी पटेल और कई अन्य उपस्थित थे।
गत 22 जनवरी को अयोध्या में हुए राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए, शाह ने कहा कि इस साल होली सभी राम भक्तों के लिए विशेष है क्योंकि भगवान 500 वर्षों के अंतराल के बाद रंगों का त्योहार मना रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह होली भगवान राम के प्रत्येक भक्त के लिए विशेष है। एक पुराना लोक गीत है जिसमें कहा गया है होली खेले रघुवीरा अवध में..अब 500 साल बाद, रघुवीर अवध में होली खेल रहे हैं। यह सभी के लिए बहुत खुशी की बात है।’’ शाह लोकसभा चुनाव में गांधीनगर से एक बार फिर भाजपा के उम्मीदवार हैं।
शाह ने कहा, ‘‘मैं आपको बताना चाहता हूं कि आप सभी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। लेकिन, हमेशा याद रखें कि आपका उम्मीदवार कम दिखाई देगा जबकि आपको जनता के बीच अधिक दिखाई देने की जरूरत है।’’ वर्ष 2019 में शाह ने गांधीनगर निर्वाचन क्षेत्र से 5 लाख से अधिक मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी।
Post navigation
Posted in: