भाजपा ने 27 वर्षों के बाद दिल्ली में भारी जीत हासिल की है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की जीत के जश्न में शामिल होने पर भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। दिल्ली भाजपा के सांसदों ने भी नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। यमुना मैया की जयकारे लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है।
इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार ने दिल्ली में BJP की जीत पर PM Modi को दी बधाई, कही ये बड़ी बात
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने हर दिल्ली वासी के नाम एक पत्र भेजा था और आप सबने हर परिवार में मेरा ये पत्र पहुंचाया था। मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए, दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। मैं दिल्ली वासियों के आभार व्यक्त करता हूं।
मोदी ने कहा कि दिल्ली ने दिल खोलकर हमें प्यार दिया है। और मैं दिल्ली वासियों को फिर से एक बार विश्वास दिलाता हूं कि आपके इस प्यार को सवा गुना करके विकास के रूप में हम लौटाएंगे। उन्होंने कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है – आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है। उन्होंने कहा कि इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।
इसे भी पढ़ें: Delhi में क्यों हारी AAP, जानें अब तक कैसा रहा है केजरीवाल के नेतृत्व पाली पार्टी का सफर
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने मुझे कभी निराश नहीं किया। तीनों चुनावों – 2014, 2019 और 2024 – में दिल्ली की जनता ने हमें सभी सात सीटों पर शानदार जीत दिलाई।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि तीन-तीन बार लोकसभा में शत-प्रतिशत विजय दिलाने के बाद भी देश भर के और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी। ये टीस दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की थी। लेकिन आज दिल्ली ने हमारा वो आग्रह भी मान लिया। दिल्ली की युवा पीढ़ी, 21वीं सदी में पैदा हुए साथी अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है। आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है। हमारा दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है, ये लघु भारत है। दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।
मोदी ने कहा कि मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता है। पूर्वांचल के लोगों ने प्यार और विश्वास की नई ऊर्जा दे दी, नई ताकत दे दी। इसलिए मैं पूर्वांचल के लोगों का, पूर्वांचल के एक सांसद के नाते विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भारी संख्या में भाजपा के लिए मतदान किया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा है।
इसे भी पढ़ें: Delhi Election Results पर जमकर गदर काट रहे मीम्स, राहुल का जीरो, स्वाति मालीवाल ने कैसे फूंका AAP का घर
उन्होंने कहा कि दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है। उन्होंने कहा कि AAP-दा वालों ने मेट्रो का काम आगे बढ़ाने से रोका, इन AAP-दा वालों ने झुग्गी वालों को घर देने से रोका, इन AAP-दा वालों ने आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी दिल्ली के लोगों को नहीं मिलने दिया। उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि जहां NDA है वहां सुशासन है, विकास है, विश्वास है। NDA का हर कैंडिडेट, हर जन प्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है। देश में NDA को जहां भी जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।