Breaking News

Delhi Floods को लेकर Kejriwal पर असम के CM हिमंत सरमा ने साधा निशाना, कहा- बाढ़ का हर साल सामना करते हैं, दूसरों को दोष नहीं देते

देश की राजधानी दिल्ली में बाढ़ के हालात होने के बाद इस मुद्दे पर लागातर राजनीति हो रही है। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विपक्ष लगातार निशाना साध रहा है। इसी कड़ी में अब असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने भी अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
 
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम ऐसा राज्य है जो हर वर्ष बाढ़ की चपेट में आता है। मगर इसके लिए हमने दूसरो को जिम्मेदार नही ठहराया है। हमारी सरकार निडरता और बहादुरी के साथ इस बाढ़ का सामना करती है। इस संबंध में मुख्यमंत्री सरमा ने ट्वीट भी किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुआ कहा कि हर साल, हमें भूटान, अरुणाचल और यहां तक कि चीन से भी पानी मिलता है। हम बहादुर दिलों के साथ बाढ़ का सामना करते हैं। हम मानवीय कल्पना से परे दर्द और दुख का अनुभव करते हैं, फिर भी हम दूसरों को दोष नहीं देते हैं। क्योंकि हम जानते हैं कि प्रकृति भूगोल को नहीं पहचानती।”
 
अरविंद केजरीवाल के निमंत्रण का इंतजार
गौरतलब है कि ये पहला मौका नहीं है जब असम के मुख्यमंत्री सरमा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। कुछ समय पहले भी सरमा ने कहा था कि वो छह महीने से केजरीवार के निमंत्रण का इंतजार कर रहे है। अबतक उनके पास दिल्ली घुमाने को लेकर निमंत्रण नहीं आया है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल निमंत्रण नहीं भेजेंगे तो वो उनके घर उनसे मिलने के लिए जाएंगे।
 
दरअसल इस वर्ष अप्रैल के महीने में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल असम के दौरे पर थे। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा को दिल्ली आने का न्यौता दिया था और चाय के लिए भी आमंत्रित किया था। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग भी देखने को मिली थी।
 
दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात
यमुना नदी के जलस्तर में कमी आने लगी है। हालांकि अब भी कई इलाकों में पानी अधिक मात्रा में भरा हुआ है। दिल्ली में यमुना पिछले एक सप्ताह से उफान पर है और इसका 1978 का 207.49 मीटर जलस्तर रिकॉर्ड बुधवार को तब टूट गया था जब इसका जलस्तर 207.71 मीटर पर चला गया और दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में बाढ़ आ गई। अब यमुना के जलस्तर में गिरावट आ रही है और रविवार को यह 205.98 मीटर दर्ज किया गया। 

Loading

Back
Messenger