Breaking News

देश के आईटी हब में BJP का सॉफ्टवेयर हुआ और भी तेज, विधानसभा चुनाव में विपक्ष को करने होंगे तंत्र दुरुस्त

पुणे महाराष्ट्र के 48 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। जहां हाल ही संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का 15 साल से जारी अजेय अभियान जारी रहा है। पार्टी के नेता मुरलीधर किसन मोहोल कांग्रेस को हराकर सांसद बने हैं। यह क्षेत्र मूला और मूठा नदियों के किनारे पर बसा हुआ है। इस क्षेत्र को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी भी माना जाता है। मराठा पेशवाओं द्वारा बनाया गया शनिवारवाड़ा दुर्ग यहीं पर है। यहां पर टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, भारत फोर्ज जैसे उत्पादन क्षेत्र के अनेक बड़े उद्योग हैं। 1990 के दशक में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टंसी सर्विस, विप्रो, सिमैंटेक, आईबीएम जैसे प्रसिद्ध सॉफ्टवेयर कंपनियों ने पुणे में अपने केंद्र खोले और यह शहर भारत का एक प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी के रूप में विकसित हुआ। 
कई शिक्षण संस्थाएं होने के कारण इस शहर को पूरब का ऑक्सफोर्ड भी कहा जाता है। पुणे विद्यापीठ, राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला, आयुका, आगरकर संशोधन संस्था, सी-डैक जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान यहां हैं। पुणे फिल्म इंस्टीशट्यूट भी काफी प्रसिद्ध है। पुणे लोकसभा क्षेत्र वडगांव शेरी, शिवाजी नगर, कोथरुड, पार्वती, पुणे कैंट और कस्बा पेठ विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर बनाया गया है। यह सभी विधानसभा क्षेत्र पुणे जिले के अंतर्गत ही आते हैं। वर्तमान में इन 6 में से चार सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। तो वहीं, एक-एक सीट कांग्रेस और एनसीपी के पास है।
पुणे लोकसभा क्षेत्र की वडगांव शेरी विधानसभा सीट राज्य में 2008 में हुए परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई है। जहां से फिलहाल अजित पवार के गुट वली एनसीपी के सुनील टिंगरे विधायक हैं। उन्होंने यह सीट भारतीय जनता पार्टी के जगदीश मुलिक को हराकर जीती थी। महाराष्ट्र राज्य के गठन के साथ ही अस्तित्व में आया शिवाजी नगर विधानसभा क्षेत्र लंबे समय तक शिवसेना के मजबूत गढ़ों में से एक रहा है, लेकिन पिछले 15 साल से पार्टी यहां जीतने में नाकाम रही है। इस सीट का वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के सिद्धार्थ अनिल शिरोले प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। विधायक शिरोले के पहले उन्हीं की पार्टी के विजय काले यहां से विधायक चुने गए थे। 
महाराष्ट्र विधानसभा में 210 नंबर से जाने जानीवाली कोथरुड विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी लगातार दो बार चुनाव जीत चुकी है। जिसके नेता चंद्रकांत पाटिल इस क्षेत्र की जनता की आवाज राज्य की विधानसभा में पहुंचा रहे हैं। शिवसेना और एनसीपी को कभी भी जीत का मौका न देने वाले पार्वती विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का लगातार 15 साल से भरोसा भारतीय जनता पार्टी के ऊपर कायम है। जिसकी नेता मधुरी मिसल लगातार तीन चुनावों से जीत दर्ज कर रही हैं। 
पुणे लोक सभा क्षेत्र की पुणे कैंट विधानसभा सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। जहां से बीजेपी के सुनील कांबले वर्तमान में विधायक हैं। यह सीट भारतीय जनता पार्टी लगातार दो बार जीत चुकी है। उसके पहले कांग्रेस ने यहां लगभग 15 साल तक राज किया है। इस लोकसभा क्षेत्र की कस्बा पेठ विधानसभा सीट बीजेपी के राज्य में कद्दावर नेता गिरीश बापट के कारण भी प्रसिद्ध है। जिन्होंने लगातार पांच बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। 2019 के चुनाव में भी बीजेपी के ही मुक्ता तिलक चुनाव जीतने में सफल रहे थे। हालांकि, 2022 में उनका कैंसर के कारण निधन हो गया था। जिसके बाद 2023 के उपचुनाव में कांग्रेस के रवींद्र धांगेकर ने बीजेपी की जीत के सिलसिले को तोड़ने में सफलता प्राप्त की थी।

Loading

Back
Messenger