हरियाणा में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर प्रभासाक्षी की टीम लाडवा विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। जहां से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उम्मीदवार हैं। इस दौरान हमारे एडिटर नीरज कुमार दुबे ने स्थानीय भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों से बात की है।
बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि लाडवा क्षेत्र में भाजपा को अपार जन समर्थन मिल रहा है और नायब सिंह सैनी निश्चित रूप से इस सीट से जीत दर्ज करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का ‘हमारा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम को वे लोग अपनी मेहनत के बल पर आगे बढ़ा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं में एक जुट आ गई है और वे भारतीय जनता पार्टी की राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य सरकार हरियाणा के विकास में भरपूर सहयोग कर रही है। जिससे क्षेत्र की जनता भी मुख्यमंत्री सैनी की सरकार से संतुष्ट है और वह उन्हें ही एक बार फिर से बतौर मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे लोगों को घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा भी उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जातिगत मुद्दे अधिक प्रभावी नहीं रहेंगे। पार्टी नेताओं ने भरोसा जताया कि राज्य में बीजेपी निश्चित से 50 से 55 सीट जीतकर इतिहास रचते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।