Breaking News

भाजपा के Ganesh Kesarwani प्रयागराज के महापौर निर्वाचित, नगर निगम में बहुमत

प्रयागराज नगर निगम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया है, जहां महापौर पद पर भाजपा के उमेश चंद्र गणेश केसरवानी निर्वाचित हुए हैं, वहीं 100 सीटों वाले सदन में 56 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी पार्षद चुने गए हैं।
चुनाव अधिकारी हर्षदेव पांडेय के मुताबिक, महापौर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कुल 2,35,675 मत प्राप्त किए, जबकि उनके निकटतम प्रतिदंद्वी सपा के अजय कुमार श्रीवास्तव ने 1,06,289 मत प्राप्त किए। इस तरह से भाजपा प्रत्याशी ने सपा प्रत्याशी के मुकाबले 1,29,386 के भारी मतों के अंतर से जीत हासिल की।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रयागराज नगर निगम के विजयी पार्षद प्रत्याशियों की सूची के मुताबिक, 56 सीटें भाजपा के खाते में आई हैं, जबकि 19 सीटें निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीती हैं। वहीं 16 सीटों पर सपा, चार सीटों पर कांग्रेस, दो सीटों पर बसपा, दो सीटों पर एआईएमआईएम और एक सीट पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।
इस तरह से प्रयागराज नगर निगम के सदन में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ काम कर सकेगी।

चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर में एक जनसभा में लोगों से नगर निगम में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाने की अपील की थी। हालांकि नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा और सपा के प्रत्याशी बराबर रहे।
प्रयागराज नगर निगम के महापौर और पार्षद पदों और प्रयागराज नगर पंचायत अध्यक्ष और नगर पंचायत सदस्य पदों के लिए गत चार मई को चुनाव संपन्न हुए थे।

Loading

Back
Messenger