कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पोस्टर में राहुल गांधी को ‘नये युग का रावण’ के रूप में चित्रित करना उसकी ‘‘हताशा और तुच्छ हथकंडा’’ है।
भाजपा ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी को दशानन के रूप में दर्शाते हुए एक तस्वीर साझा की थी और उन्हें ‘नए युग का रावण’ करार दिया था।
कांग्रेस ने भाजपा के पोस्टर की ‘एक्स’ पर कड़ी आलोचना की थी। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को इसे ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’’ और ‘‘खतरनाक’’ बताया था।
वडिंग ने एक बयान में कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा अपने संवाद रुख में पीछे की तरफ जा रही है। जबकि वे पहले ऐसे विभाजनकारी संदेशों को प्रसारित करने के लिए अनौपचारिक चैनलों पर निर्भर थे, अब वे ऐसे उद्देश्यों के लिए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों का इस्तेमाल करने पर उतर आए हैं।’’
उन्होंने इस कृत्य को भाजपा का ‘‘हताशपूर्ण और तुच्छ हथकंडा’’ बताया।
वडिंग ने भाजपा की इस तरह की ‘‘तुच्छ रणनीति’’ की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘भाजपा राहुल गांधी के खिलाफ विसंगति पैदा करने का प्रयास कर रही है, खासकर तब जब उन्होंने हाल में दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) में धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया था। पार्टी इससे परेशान दिख रही है। राहुल गांधी को लोगों से भरपूर प्यार और समर्थन मिला है और इसलिए, उन्होंने उनके खिलाफ नफरत फैलाने का सहारा लिया है।’’
वडिंग ने कहा, ‘‘पंजाब के नागरिक पहले से ही भलीभांति जानते हैं कि असली रावण कौन है।’’
उन्होंने कहा कि पंजाब ‘‘भाजपा द्वारा अपनाई गई विभाजनकारी रणनीति के बिल्कुल विपरीत’’ प्रेम और एकता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
कांग्रेस की पंजाब इकाई ने शुक्रवार को भाजपा के पोस्टर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने एक बयान में कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुतले जलाए।
कांग्रेस की हरियाणा इकाई के नेताओं के मुताबिक भाजपा के इस पोस्टर के खिलाफ राज्य में कुछ जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया गया।