Breaking News

आंध्र प्रदेश कौशल विकास निगम घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री जगन ने नायडू पर निशाना साधा

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को तेलगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की आलोचना करते हुए उन पर करोड़ों रुपये के आंध्र प्रदेश कौशल विकास निगम घोटाले का ‘मुख्य शिल्पकार’ होने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने पिछले दशकों में कई अनियमितताओं में कथित संलिप्तता के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री का ‘समर्थन’ करने के लिए चुनिंदा मीडिया घरानों पर भी निशाना साधा।
पूर्वी गोदावरी के निडदवोलू में एक जनसभा में रेड्डी ने कहा, ‘‘न केवल राज्य सरकार की एजेंसियों बल्कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी इस फर्जी समझौते (कौशल विकास मामले) में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया है…इस घोटाले को अंजाम देने वाले व्यक्ति का नाम चंद्रबाबू नायडू है।’’

उन्होंने कहा कि यह स्थापित हो चुका है कि नायडू ने घोटाले की रकम को मुखौटा कंपनियों के माध्यम से भेजा था, ईडी ने पाया कि इसे कैसे भेजा गया और आयकर विभाग ने नोटिस दिया।
घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए एक अदालत द्वारा 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद नायडू वर्तमान में राजामहेंद्रवरम की एक जेल में बंद हैं।
मुख्यमंत्री ने कुछ साल पहले तेलंगाना चुनाव में वोट के लिए नकदी के घोटाले का भी उल्लेख किया जिसमें नायडू को आरोपी के रूप में नामित किया गया था।

रेड्डी यहां एक कार्यक्रम में ‘वाईएसआर कापू नेस्थम’ कल्याण योजना के तहत 3.5 लाख से अधिक पात्र महिला लाभार्थियों को 537 करोड़ रुपये वितरित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इस योजना के तहत कापू, बालिजा, तेलगा और ओंटारी समुदायों की 45 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं को प्रति वर्ष 15,000 रुपये प्रदान किए जाते हैं।
जन सेना अध्यक्ष पवन कल्याण की जेल में नायडू से मुलाकात का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण ने तेदेपा नेता के कारनामों पर सवाल उठाने का संकल्प लिया था, लेकिन कभी भी अपने वादे पर खरे नहीं उतरे।
उन्होंने कहा, ‘‘ये नेता और पार्टियां यह सवाल नहीं करतीं कि ये सैकड़ों करोड़ रुपये कहां गए और बाबू (नायडू) के अलावा और किसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यह येलो मीडिया को दिखाई नहीं देता है।

Loading

Back
Messenger