Breaking News

कांग्रेस ने मप्र विस चुनाव के लिये उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की, जातिगत जनगणना होगा मुख्य एजेंडा

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर शनिवार को चर्चा की, हालांकि अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
पार्टी ने यह भी तय किया है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में जातिगत जनगणना उसका मुख्य एजेंडा होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई सीईसी की बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, सीईसी के अन्य सदस्य, पार्टी महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ और कई अन्य नेता शामिल हुए।
बैठक के बाद सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा कि सीईसी की बैठक में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के ‘भ्रष्टाचार’, कानून व्यवस्था की स्थिति और महिला विरोधी अपराधों’ को लेकर चर्चा की गई।

उन्होंने दावा किया, ‘‘मध्य प्रदेश में परिवर्तन की बयार बह रही है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम और काम का उल्लेख नहीं करते।’’
सुरजेवाला ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘जातिगत जनगणना मध्य प्रदेश में कांग्रेस का एक महत्वपूर्ण एजेंडा है। ओबीसी, एससी, एसटी भाइयों-बहनों को न्याय मिले, यह हमारा मुख्य एजेंडा है। बैठक में कमलनाथ जी और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अन्य साथियों ने बताया कि जातिगत जनगणना कांग्रेस का प्राथमिक एजेंडा रहेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश में 230 सीट हैं। एक बार हर सीट की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होती है। लगभग सभी सीट के बारे में चर्चा हुई…हम जल्द बैठक करेंगे और फिर नामों को अंतिम रूप देना शुरू करेंगे।’’
मुख्यमंत्री पद के लिये चेहरे के बारे में पूछे जाने पर सुरजेवाला ने कहा, ‘‘कमलनाथ जी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं।

जो भी प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष होता है, वह स्वाभाविक रूप से कांग्रेस का चेहरा होता है।’’
बैठक के बाद कमलनाथ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज सीईसी की बैठक हुई है। अभी कोई फैसला नहीं हुआ। यह फैसला छह-सात दिनों में हम करेंगे। लगभग 140 सीट पर चर्चा हुई। सबके सुझाव सुनकर फिर बैठक बुलाएंगे और फैसला करेंगे।’’
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठित कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने पिछले महीने दो दिनों की बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया था।
मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा अब तक 78 सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। उसने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते तथा पार्टी के कई अन्य सांसदों को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।
राज्य में विधानसभा की कुल 230 सीट हैं। मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

Loading

Back
Messenger