Breaking News

अपने केंद्रीय नेतृत्व की लापरवाह कार्यप्रणाली के कारण कांग्रेस पार्टी दिल्ली में पतन के कगार पर है: वीरेंद्र सचदेवा

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि अपने केंद्रीय नेतृत्व की लापरवाह कार्यप्रणाली के कारण कांग्रेस पार्टी दिल्ली में पतन के कगार पर है। यह देखना चौंकाने वाला है कि एक के बाद एक चार वरिष्ठ कांग्रेस नेता, सभी तीन बार के विधायक, पार्टी या उसके पद से इस्तीफा दे रहे हैं और कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व इस मुद्दे की अनदेखी कर रहा है।
सचदेवा ने कहा कि चाहे हमारे राजनीतिक मतभेद हों पर एक दिल्लीवासी के रूप में मुझे यह स्वीकार करना होगा कि अरविंदर सिंह लवली, राज कुमार चौहान, नसीब सिंह और नीरज बसोया सभी दिल्ली में अपने समुदाय के मजबूत नेता हैं और केवल कांग्रेस ही ऐसे नेताओं को जाने दे सकती है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा है कि इन चारों नेताओं की गलती सिर्फ इतनी है कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार और कुकर्मों के खिलाफ बोला।
सचदेवा ने कहा कि यह देखकर आश्चर्य होता है कि दिल्ली में कांग्रेस का नेतृत्व अब एक ऐसे व्यक्ति द्वारा किया जाएगा जो पंजाब में राज्य कांग्रेस चुनाव प्रभारी के रूप में आम आदमी पार्टी और भगवंत मान को भ्रष्ट कहेगा, लेकिन दिल्ली में वह उसी भगवंत मान के साथ मंच साझा करेगा और “आप” को विकास का प्रतीक कहेगा। कांग्रेस नेतृत्व एकमात्र ऐसा पार्टी आलाकमान है जो चाहता है कि उसके दिल्ली के नेता अपनी पार्टी को पुनर्जीवित करने के बजाय भ्रष्ट और दागी अरविंद केजरीवाल का समर्थन करें।
सचदेवा ने कहा है कि 2024 के चुनावों के बाद कश्मीर से कन्याकुमारी तक कांग्रेस “आप” जैसी क्षेत्रीय पार्टियों के लिए दूसरी सहायक बनकर रह जाएगी क्योंकि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व अपने विभिन्न राज्य के नेताओं को अरविंद केजरीवाल, लालू यादव, अखिलेश यादव जैसे नेताओं के भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े होने की अनुमति नहीं देगा।

Loading

Back
Messenger