नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस को केजरीवाल सरकार के खिलाफ संविधान रक्षा एवं भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चलाने की जरूरत है। जिस आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा वह जनता को पिछले 10 सालों से लूटने एवं ठगने का काम कर रही है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जिस दिल्ली में पानी के जल भराव के कारण 13 जुलाई से 10 अगस्त तक 17 मौतें हो जाती है उस अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ इन्हें संविधान बचाओ, भ्रष्टाचार मिटाओ अभियान चलाने की जरूरत है। कल एक और खबर आई जब किराड़ी में एक युवक की करंट लगने के कारण मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस केजरीवाल सरकार के खिलाफ दिखावा करती है क्योंकि उसके साथ वह चुनावी गठबंधन करती है और भ्रष्टाचार का लाभ लेती है।
सचदेवा ने कहा कि आज तक दिल्ली में पानी की किल्लत, बिजली के नाम पर लूट, बस घोटाला, जलबोर्ड घोटाला जैसे कई घोटालों को आम आदमी पार्टी सरकार ने अंजाम दिया लेकिन कांग्रेस ने आज तक किसी भी घोटालों का कोई ठोस विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस के कुछ नेता केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान चलाने का नाटक करते हैं पर कांग्रेस का पूरा केन्द्रीय नेतृत्व खासकर अभिषेक मनु सिंघवी तो आम आदमी के पे रोल कानूनी कवच हैं।
सचदेवा ने कहा कि एससी समाज की बात कांग्रेस कर रही है उसके लिए मोदी सरकार पिछले 10 सालों से लगातार कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में डॉक्टर अब्दुल कलाम, रामनाथ कोविद और द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बने हैं जो एससी और अल्पसंख्यक समाज से आते हैं। सचदेवा ने कांग्रेस को सलाह दी है कि अगर संविधान रक्षक अभियान चलाना है तो बंगाल में चलाए जहां हर इंसान आज के समय में सत्ताधारी त्रिंमूल कांग्रेस की हिंसा के डर के साये में जी रहा है।