Breaking News

Maharashtra में कांग्रेस ने शुरू की अपनी चुनावी तैयारी, खड़गे बोले- राजनीतिक जालसाज़ी का बराबर जवाब देंगे

महाराष्ट्र में राजनीतिक उठापटक का दौर जारी है। आज महाराष्ट्र को लेकर कांग्रेस की बड़ी बैठक हुई। इस बैठक के बाद कांग्रेस ने चुनाव को लेकर अपनी रणनीति बनाई है। कांग्रेस फिलहाल महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी गठबंधन के भीतर है। महा विकास आघाडी में शरद पवार गुट की एनसीपी और उद्धव ठाकरे की शिवसेना शामिल है। बैठक के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने साफ तौर पर कहा कि मोदी सरकार से जनता परेशान है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे को वह जनता के बीच उठाएगी।

इसे भी पढ़ें: Maharashtra: विभागों के बंटवारे को लेकर खींचतान जारी, अजित पवार की इस मांग ने बढ़ाई शिंदे-फडणवीस की टेंशन

खड़गे ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा ने अपनी ‘वॉशिंग मशीन’ का इस्तेमाल कर, महाराष्ट्र के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी इस राजनीतिक जालसाज़ी का बराबर जवाब देगी। महाराष्ट्र की जनता जनादेश पर भाजपा द्वारा किए गए लगातार हमलों का कड़ा राजनीतिक उत्तर देगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे नेता और कार्यकर्त्ता, महाराष्ट्र की जनता को उसकी अपनी सरकार वापस दिलाएंगे। हम महाराष्ट्र की जनता के मन में अपनी जगह हमेशा से बनाए हुए हैं। महाराष्ट्र और कांग्रेस के गौरवशाली रिश्ते को हम और मज़बूत करेंगे।’’ 

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि हमने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। हम प्रदेश में हर स्तर पर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। हम महाराष्ट्र के लोगों के साथ किसानों की आत्महत्या, महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में जब भी चुनाव होगा कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आएगी। उन्होंने कहा कि हम महाराष्ट्र में एक बस यात्रा निकालेंगे और मोदी सरकार ने कैसे डर पैदाकर महाराष्ट्र की विचारधारा को खरीदने का काम किया है- ये बात जनता को बताएंगे। बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले, पार्टी के राज्य प्रभारी एचके पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण एवं अशोक चव्हाण, वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक और कई अन्य नेता मौजूद थे।
 

इसे भी पढ़ें: ‘राजनीति अब आईपीएल की तरह’, उद्धव ठाकरे बोले- देश और महाराष्ट्र की राजनीति निचले स्तर पर

वहीं पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि आज से, हमने महाराष्ट्र से शुरुआत करते हुए संसदीय चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं को संसदीय क्षेत्रों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। सितंबर में हम महाराष्ट्र के प्रत्येक जिले में विशाल पदयात्रा करेंगे। नवंबर और दिसंबर में संयुक्त बस यात्रा होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को महाराष्ट्र के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ बैठक की जिसमें पार्टी को उसके इस पुराने गढ़ में फिर से मजबूत बनाने और ‘जनादेश पर भारतीय जनता पार्टी के हमलों’ का कड़ा राजनीतिक उत्तर देने पर जोर दिया गया। 

Loading

Back
Messenger