Breaking News

एअर इंडिया के ‘पेशाब कांड’ के आरोपी की तलाश में दिल्ली पुलिस मुंबई में

एअर इंडिया की उड़ान में 26 नवंबर को महिला सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब करने के आरोपी की तलाश में दिल्ली पुलिस का चार सदस्यीय दल शुक्रवार दोपहर मुंबई पहुंचा।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी का घर हालांकि बंद पाया गया।
दिल्ली पुलिस ने पीड़ित द्वारा टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन को दी गई शिकायत के आधार पर व्यक्ति के खिलाफ एक प्राथमिकी (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज की है। पुलिस ने कहा कि आरोपी शंकर मिश्रा कैलिफोर्निया में मुख्यालय वाली एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय वित्तीय सेवा फर्म के ‘इंडिया चैप्टर’ का उपाध्यक्ष है और फिलहाल फरार है।

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, टीम उपनगरीय नेहरू नगर पुलिस स्टेशन पहुंची और स्टेशन डायरी में प्रवेश कर अधिकारियों को सूचित किया कि वे मिश्रा की तलाश में आए हैं।
उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस के किसी कर्मचारी को साथ लिए बिना दिल्ली पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुर्ला (पूर्व) के कामगार नगर में उसके बंगले “बी 47” पर पहुंची, जो बंद पाया गया।
अधिकारी ने कहा कि जब भी उनसे सहायता मांगी जाएगी, मुंबई पुलिस दिल्ली पुलिस की मदद करेगी।

कथित तौर पर नशे की हालत में आरोपी ने एअर इंडिया न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान के बिजनेस क्लास में 70 साल से ज्यादा उम्र की एक वरिष्ठ महिला नागरिक सह-यात्री पर पेशाब किया।
प्राथमिकी के अनुसार, 26 नवंबर को एआई-102 विमान में भोजन दिए जाने के बाद जब बत्तियां बंद की गईं तो ‘बिजनेस क्लास’ में 8ए सीट पर बैठा नशे में धुत्त एक पुरुष यात्री एक बुजुर्ग महिला की सीट के पास गया और उन पर पेशाब कर दिया।
एअर इंडिया ने बुधवार को कहा था कि आरोपी यात्री पर विमान में यात्रा करने पर 30 दिन का प्रतिबंध लगाया गया है और स्थिति से निपटने में चालक दल के सदस्यों से हुई चूक की जांच के लिए एक आंतरिक समिति का गठन किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने मुंबई निवासी आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया है।

Loading

Back
Messenger