Breaking News

Delhi Rain: जलभराव से थमी दिल्ली की रफ्तार, IMD ने Yellow Alert किया जारी

नयी दिल्ली, पांच अगस्त राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को वर्षा के बाद कई स्थानों पर जलजमाव हो गया, जिससे लोगों के लिए सफ़र मुश्किल हो गया तथा घंटों तक आवाजाही बाधित रही। बारिश की वजह से कई सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात धीमा हो गया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में आवाजाही प्रभावित हुई।

महरौली-बदरपुर रोड पर भारी जाम लग गया। आईटीओ, मथुरा रोड, लोधी रोड, लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों, रोहतक रोड, शंकर रोड-कीर्ति नगर मार्गखंड, दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, मधुबन चौक, पीरागढ़ी और शाहीन बाग में भी लोगों को धीमी रफ़्तार वाले यातायात का सामना करना पड़ा। पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में भी यातायात प्रभावित हुआ।

जीटी रोड, लोनी रोड, झिलमिल, जीटीवी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन जैसे इलाकों में बारिश का पानी जमा होने की वजह से गाड़ियों की रफ़्तार धीमी हो गई। शहर में कई जगहों पर जलभराव की खबर मिली, जिसमें महरौली-बदरपुर रोड भी शामिल है। इस रोड पर कई घंटों तक पानी भरा रहा।

संगम विहार और दक्षिण पुरी के कुछ हिस्सों में भी जलभराव रहा, जबकि दक्षिण दिल्ली के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात की खबर मिली। मध्य दिल्ली के कई इलाकों में भी जलभराव की सूचना मिली। बारिश के बाद सफदरजंग अस्पताल की गैलरी बारिश के पानी से भर गई।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अनुसार, बुधवार को सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक पेड़ गिरने की तीन घटनाएं सामने आईं। एमसीडी नियंत्रण कक्ष को दोपहर दो बजे एवं शाम छह बजे के बीच जलभराव की 10 शिकायतें भी मिलीं, जिनमें से पांच-पांच शिकायतें मध्य और दक्षिण क्षेत्र से थीं। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर पानी से भरी सड़कों के वीडियो और फ़ोटो साझा किए तथा सीआर पार्क, संगम विहार, लोधी रोड और कई अन्य इलाकों में जलभराव की शिकायत की।

सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 15.6 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड पर 38.7 मिमी बारिश हुई। इसी दौरान पालम में 1.4 मिमी एवं आयानगर में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले, सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटों में सफदरजंग में 10.8 मिमी, आयानगर में 49.3 मिमी, पालम में 8.3 मिमी, लोधी रोड में 3.9 मिमी और रिज में 3.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अधिकतम तापमान सफदरजंग में 32.6 डिग्री सेल्सियस, पालम में 31.0 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 34.0 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सफदरजंग में सामान्य से 1.6 डिग्री कम, पालम में सामान्य से 3.4 डिग्री कम, लोधी रोड में सामान्य से 0.2 डिग्री कम, रिज में सामान्य और आयानगर में सामान्य से 3.5 डिग्री कम था। स्काईमेट वेदर के उपााध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि कई मौसम प्रणालियों के असर से दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले दो-तीन दिनों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। उसके अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

बुधवार को दिल्ली की हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही और शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 69 दर्ज किया गया। अगस्त के अब तक के सभी दिनों में शहर की हवा की गुणवत्ता संतोषजनक रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 51 से 100 के बीच एक्यूआई को संतोषजनक , 101-200 को मध्यम , 201-300 को खराब , 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।

Loading

Back
Messenger