भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जल्द ही पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकती है। इस तरह की चर्चा लगातार हो रही है क्योंकि जेपी नड्डा का कार्यकाल समाप्त हो गया है। जेपी नड्डा को मोदी 3.0 कैबिनेट में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री के साथ-साथ रसायन और उर्वरक मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है। अब रिपोर्ट्स से संकेत मिल रहा है कि पार्टी अपने नए अध्यक्ष का नाम तय करने के करीब है। इस तरह का दावा किया गया था कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राष्ट्रीय पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें: Delhi: आशा किरण शेल्टर होम में 14 बच्चों की मौत, आतिशी ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, BJP हमलावर
हालांकि, देवेंद्र फडणवीस ने इसको पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह चर्चा (बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के बारे में) मीडिया द्वारा ही शुरू की गई है। यह केवल मीडिया में चर्चा है। लेकिन चर्चा जोरों पर है कि फडणवीस आने वाले हफ्तों में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और नई दिल्ली जा सकते हैं। इसकी जानकारी बुधवार को दिन में ही पार्टी के शीर्ष नेताओं को दी गयी। अभी कुछ दिन पहले नई दिल्ली में राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ नीति आयोग की आधिकारिक बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने पार्टी मुख्यालय में सभी भाजपा मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद पीएम ने बंद कमरे में ही देवेन्द्र फडणवीस के साथ बैठक की।
इसे भी पढ़ें: MUDA scam: राजभवन के नोटिस पर भड़के सिद्धारमैया, कहा- केंद्र की कठपुतली के रूप में काम कर रहे राज्यपाल
मुलाकात के बाद फडणवीस परिवार को प्रधानमंत्री के साथ फोटो सेशन का भी मौका दिया गया। बीजेपी के सूत्रों ने बताया कि बैठक में पीएम मोदी और फडणवीस के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में देवेंद्र फडणवीसस को मुंबई से नई दिल्ली ले जाने के फैसले पर चर्चा हुई और अगले कुछ दिनों में पार्टी के भीतर की राय पर चर्चा की गई। वहीं, सूत्रों ने यह भी बताया कि पहले, आरएसएस और भाजपा के बीच नामों को लेकर मतभेद थे, जिसके कारण राष्ट्रीय भाजपा प्रमुख की नियुक्ति में देरी हुई। हालाँकि, फडणवीस को लेकर आम सहमति बनती दिख रही है। इसलिए फडणवीस-मोदी की मुलाकात महत्वपूर्ण है।