Breaking News

द्रमुक ने ‘तमिझगम’ टिप्पणी के लिए तमिलनाडु के राज्यपाल रवि की आलोचना की

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दल द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के आधिकारिक मुखपत्र ‘मुरासोली’ ने शनिवार को राज्यपाल आर एन रवि की कथित ‘तमिझगम’ टिप्पणी के लिए आलोचना की और कहा कि तमिलनाडु जितना संविधान और कानूनों का सम्मान करता है, उतना कोई नहीं करता।
‘तमिझगम’ तमिलनाडु के लिए एक अधिक उपयुक्त नाम होने संबंधी राज्यपाल के इस कथित सुझाव पर कड़ी आपत्ति जताते हुए ‘मुरासोली’ में एक लेख में कहा गया है कि राज्यपाल को भारत के इतिहास पर पाठ पढ़ने का समय आ गया है।

‘तमिझगम’ और तमिलनाडु दोनों का मोटे तौर पर मतलब है ‘तमिलों की भूमि।’ ‘मुरासोली’ में कहा गया, ‘‘वह (रवि) कहते हैं कि तमिलनाडु शब्द एक संप्रभु राष्ट्र का सूचक है। आइए हम अन्य राज्यों के नामों पर गौर करें। राजस्थान का नाम कैसा है? क्या यह पाकिस्तान, अफगानिस्तान, उज्बेकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान की तरह नहीं लगता है? महाराष्ट्र का क्या अर्थ है? क्या इसका मतलब यह नहीं है कि यह मराठा लोगों का देश है। क्या यह स्वर में अलगाववादी है?’’
तमिल अखबार ‘मुरासोली’ ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केरल की टैगलाइन ‘गॉड्स ओन कंट्री’ का जिक्र करते हुए पूछा, ‘‘क्या यह प्रयोग अलग राष्ट्र-राज्य की स्थिति की मांग को दर्शाता है।

क्या यह सोचना मूर्खता नहीं है कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) एक अलगाववादी पार्टी है, क्योंकि देशम नाम का मतलब देश है?’’
वरिष्ठ अधिकारियों के बीच ‘वार्तालाप’ शीर्षक वाले इस लेख में कहा गया है कि भारत कभी भी एक देश नहीं रहा, जो एक राजनीतिक इकाई की ओर इशारा करता है। अखबार ने दावा किया कि भारत केवल कई देशों का संघ है।
लेख में कहा गया ‘‘भारत अंग्रेजों की देन है।’’ इसमें कहा गया है कि एक काल्पनिक ‘अखंड भारत’ पर गर्व महसूस करने के बजाय, राज्यपाल रवि को अंग्रेजों को भारत बनाने के लिए धन्यवाद देना चाहिए।

अखबार में कहा गया यह केवल तमिलनाडु है, जिसने देश की संप्रभुता और कानून के राज का अधिक सम्मान किया और उत्तरी राज्यों की तुलना में अधिक करों का भुगतान किया तथा बदले में बहुत कम मिला है।
अखबार में कहा गया कि सशस्त्र और अर्द्धसैन्य बलों में कर्मियों का एक हिस्सा तमिलनाडु से है। लेख में कहा गया, ‘‘तमिलनाडु जितना कोई और भारतीय संविधान और कानूनों का सम्मान नहीं करता।’’ ‘मुरासोली’ में सवाल किया गया, ‘‘क्या भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या कर्नाटक के राज्य ध्वज को हटा देंगे, क्योंकि भारत के लिए एक राष्ट्रीय ध्वज है?’’
रवि ने चार जनवरी को ‘काशी तमिल संगमम’ के आयोजकों और स्वयंसेवकों के सम्मान में यहां राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में कथित तौर पर टिप्पणी की थी कि ‘तमिझगम’ तमिलनाडु के लिए अधिक उपयुक्त नाम है।

Loading

Back
Messenger