Breaking News

उज्जैन में बलात्कार की शिकार लड़की का इंदौर के अस्पताल में ऑपरेशन किया गया : अधिकारी

मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में जघन्य बलात्कार की शिकार 12 वर्षीय लड़की का इंदौर के एक सरकारी अस्पताल में बुधवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों के दल ने ऑपरेशन किया जिसके बाद उसकी हालत गंभीर,लेकिन स्थिर है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह एक लड़की उज्जैन से गंभीर हालत में मंगलवार को इंदौर के एक सरकारी अस्पताल में भेजी गई थी, जहां ऑपरेशन के बाद उसकी हालत गंभीर, लेकिन स्थिर है।
उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सक लड़की के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहे हैं।
इससे पहले, मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि पीड़ित लड़की का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

उन्होंने कहा,‘‘लड़की उज्जैन के बाहर के किसी क्षेत्र की प्रतीत हो रही है। चूंकि वह (घटना को लेकर) ठीक तरह से जवाब दे नहीं पा रही है। इसलिए विशेषज्ञों और काउंसलर की मदद से उससे बातचीत का प्रयास किया जा रहा है।’’
बलात्कार की घटना को लेकर राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस के तीखे हमलों के बारे में पूछे जाने पर गृह मंत्री ने प्रतिप्रश्न किया, क्या आपको कांग्रेस के प्रमाणपत्र की जरूरत होगी?
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया, लगभग 12 साल की एक लड़की सोमवार को उज्जैन के महाकाल पुलिस थाना क्षेत्र में एक सड़क पर खून से लथपथ पाई गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सा जांच में उसके साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है।’’

एसपी ने कहा कि चूंकि नाबालिग लड़की की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे आगे के उपचार के लिए मंगलवार को इंदौर भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि नाबालिग लड़की से बलात्कार के मामले में महाकाल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और घटना की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया, मामले की तहकीकात और सीसीटीवी फुटेज की छानबीन के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इस बीच, मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने पीड़िता को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाने की मांग की।
कमलनाथ ने बुधवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ अत्यंत क्रूरतापूर्ण दुराचार का मामला देखकर रूह कांप गई।12 साल की बेटी के साथ जिस तरह का दुष्कृत्य हुआ, उससे मानवता शर्मसार हो जाती है। ऐसी जघन्य घटना प्रशासन और समाज के माथे पर कलंक है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि जनता परेशान है।

Loading

Back
Messenger