Breaking News

हिप्र के मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली में उपचार कराने के बाद शिमला लौटे,चुनावी राज्यों का नहीं करेंगे दौरा

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार कराने के बाद शनिवार को शिमला लौट आए।
वह 15 दिन बाद दिल्ली से शिमला लौटे हैं।
सुक्खू ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह चुनावी राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में प्रचार नहीं करेंगे, क्योंकि चिकित्सकों ने उन्हें दो महीने आराम करने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह काम करना और लोगों से मुलाकात करना शुरू कर देंगे।
कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं पर सुक्खू ने कहा कि जिन राज्यों में चुनाव हैं, वहां पार्टी मजबूत है और जीत दर्ज करेगी। मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान पहले ही हो चुका है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, ‘‘ चिकित्सकों ने मुझे आराम करने, नियमित अंतराल पर हल्का भोजन करने और बिना ब्रेक के लगातार काम नहीं करने की सलाह दी है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 नवंबर को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में अहम निर्णय लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, ‘‘ भगवान और स्थानीय देवी-देवताओं की कृपा तथा राज्य की जनता की शुभकामनाओं से मैं ठीक हो गया हूं और लौट आया हूं।’’
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कैबिनेट मंत्रियों अनिरुद्ध सिंह, रोहित ठाकुर और हर्षवर्द्धन चौहान सहित कई अन्य लोगों ने अन्नाडेल में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

सुक्खू के शुक्रवार को यहां लौटने की उम्मीद थी, लेकिन दिल्ली और शिमला में मौसम ठीक नहीं होने के कारण योजना स्थगित कर दी गई। खराब मौसम के कारण सुक्खू का हेलीकॉप्टर दिल्ली से उड़ान नहीं भर सका था।
सुक्खू को पेट में दर्द और संक्रमण की शिकायत के बाद 25 अक्टूबर को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (आईजीएमसीएच) शिमला में भर्ती कराया गया था। दो दिन बाद उन्हें दिल्ली ले जाया गया और एम्स में भर्ती कराया गया था।

Loading

Back
Messenger