Breaking News

भारत जोड़ो यात्रा: रमेश ने कहा- जम्मू कश्मीर में पदयात्रा की दूरी कम की जा सकती है

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी जम्मू कश्मीर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान पदयात्रा की दूरी को कम कर सकते हैं।
रमेश ने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर जम्मू कश्मीर में अधिकारियों के साथ चर्चा की जा रही है।
रमेश ने कहा, ‘‘राहुल गांधी जम्मू कश्मीर में पदयात्रा करेंगे, लेकिन सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हम सुरक्षा के संबंध में राज्य के अधिकारियों के साथ परामर्श कर रहे हैं और शायद पदयात्रा की दूरी कम की जा सकती है।’’

रमेश यहां भारत जोड़ो यात्रा से इतर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यात्रा बुधवार सुबह हिमाचल प्रदेश में दाखिल हुई।
कांग्रेस की जम्मू कश्मीर प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा है कि यात्रा बृहस्पतिवार शाम पंजाब से लखनपुर (जम्मू कश्मीर में) में प्रवेश करेगी। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने मंगलवार को कहा था कि पदयात्रा के केंद्र शासित प्रदेश में पहुंचने पर उसे पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
इस सवाल पर कि क्या पदयात्रा की अनुमति दी जाएगी, उन्होंने जवाब दिया था कि इसे इस तरह से विनियमित किया जाएगा कि लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा था कि यात्रा को जहां भी आवश्यकता होगी, ‘‘सुरक्षा के दृष्टिकोण से निर्देशित किया जाएगा।

Loading

Back
Messenger