Breaking News

एअर इंडिया के विमान में महिला पर ‘पेशाब’ करने वाला व्यक्ति पकड़ा गया, दिल्ली पुलिस ने बेंगलुरु में किया गिरफ्तार

नयी दिल्ली। एयर इंडिया की उड़ान के दौरान एक महिला सह-यात्री पर पेशाब करने के आरोपी मुंबई के व्यक्ति को कई दिनों तक फरार रहने के बाद बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों ने कहा कि आरोपी शंकर मिश्रा बेंगलुरु में होम-स्टे में था, जब उसे पकड़ा गया था। दिल्ली पुलिस की एक टीम शुक्रवार रात से उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही थी।

विमान में महिला पर ‘पेशाब’ करने वाला व्यक्ति पकड़ा गया

 दिल्ली पुलिस ने एअर इंडिया की उड़ान में महिला सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब करने वाले व्यक्ति को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) रवि कुमार सिंह ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस के एक दल ने आईजीआईए मामले में आरोपी शंकर मिश्रा को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है।

इसे भी पढ़ें: चालू रबी सत्र में अब तक 332.16 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई

शंकर मिश्रा को दिल्ली लाया गया है और मामले में जांच की जा रही है।’’
मिश्रा ने पिछले साल 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक उड़ान की बिजनेस क्लास में नशे की हालत में एक बुजुर्ग महिला पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था।
दिल्ली पुलिस ने महिला द्वारा एअर इंडिया को दी गई शिकायत के आधार पर चार जनवरी को मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

दिल्ली पुलिस ने बीते साल नवंबर में न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एक उड़ान में नशे में धुत एक यात्री द्वारा सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब किए जाने की घटना के संबंध में एअर इंडिया के कर्मचारियों को तलब किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। दरअसल, मामले में पायलट और सह-पायलट समेत एअर इंडिया के कुछ कर्मचारियों को शुक्रवार को पेश होने के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए।

सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अब उन्हें सात जनवरी को सुबह 10.30 बजे पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) के कार्यालय में तलब किया गया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा एअर इंडिया से की गई शिकायत के आधार पर बुधवार को घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसने आरोपी यात्री को पकड़ने के लिए कई टीम का गठन भी किया है। आरोपी शंकर मिश्रा ने पिछले साल 26 नवंबर को एअर इंडिया की उड़ान में बिजनेस क्लास में कथित रूप से नशे की हालत में बुजुर्ग महिला सहयात्री की सीट के पास जाकर उस पर कथित तौर पर पेशाब किया था।

कैलिफोर्निया आधारित एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय वित्तीय सेवा कंपनी की भारतीय इकाई के उपाध्यक्ष मिश्रा को घटना के बाद नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया था कि मिश्रा को पकड़ने के लिए गठित टीम मुंबई और बेंगलुरु भेजी गई हैं। अधिकारी ने कहा था कि आरोपी का कार्यालय बेंगलुरु में है और प्राथमिक जांच में पता चला है कि वह घर से काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापे मार रही है।

Loading

Back
Messenger