उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म भारत का राष्ट्रीय धर्म है। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) नेता उदयनिधि स्टालिन की सनातन धर्म पर विवादास्पद टिप्पणियों की पृष्ठभूमि में सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत में रहने वाले कुछ लोग अभी भी सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं जिस पर प्राचीन काल से हमला होता रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म भारत का राष्ट्रीय धर्म है। कोई भी इसकी शाश्वतता पर सवाल नहीं उठा सकता। प्राचीन काल से ही हमलों का सामना कर रहे सनातन धर्म की तरह ईश्वर के अस्तित्व और वास्तविकता पर भी सवाल उठते रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे CM Yogi Adityanath, विधि विधान से की पूजा
आदित्यनाथ ने साफ तौर पर कहा कि सनातन धर्म ही भारत का राष्ट्रीय धर्म है। इसकी शाश्वतता पर कोई भी व्यक्ति सवाल खड़ा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि पौराणिक काल से ईश्वर की वास्तविकता पर अविश्वास और सनातन धर्म पर प्रहार किया जाता रहा है। आदित्यनाथ ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी कई लोग भारत में रहकर सनातन धर्म को कोस रहे हैं और वे भारतीय मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों पर प्रहार के किसी भी अवसर से नहीं चूकते हैं। योगी ने कहा कि आदि शंकराचार्य ने भारत के चार कोनों में चार पीठों की स्थापना करके देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत किया था। लेकिन, आज भारत, भारतीयता और सनातन धर्म पर प्रश्न उठाए जाते हैं। प्रश्न उठाने वाले वे ही लोग हैं जो कभी भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व पर भी सवाल उठाते थे।
इसे भी पढ़ें: आतंकी घटनाओं से निपटने के लिए UP Police की तैयारी, काउंटर टेरर के लिए NSG के साथ किया मॉक ड्रिल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भाजपा के विरोधियों पर तुकबंदी के अंदाज में निशाना साधते हुए कहा कि जो सनातन नहीं डिगा था रावण के अत्याचार से, जो सनातन नहीं मिटा था कंस के अहंकार से और जो सनातन नहीं मिटा था बाबर और औरंगजेब की तलवार से, उस सनातन को ये सत्ताजीवी क्या मिटा पाएंगे।’’ आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि ‘‘हिंदू’’ कोई धर्म सूचक शब्द नहीं, बल्कि भारतीयों के लिए प्रयुक्त किया जाने वाला सांस्कृतिक संबोधन है। उन्होंने कहा, ‘‘..लेकिन दुर्भाग्य है कि कुछ लोगों ने हिंदू संबोधन को भी संकुचित दायरे में लाने का प्रयास किया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘रावण ने भी ईश्वर की वास्तविकता पर प्रहार का प्रयास किया था, लेकिन परिणाम क्या हुआ? रावण को उसके अहंकार ने समाप्त कर दिया।’’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मुगल शासक बाबर ने अयोध्या में भगवान राम का मंदिर तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन 500 साल बाद राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। ‘‘भारत बनाम इंडिया’’ के सियासी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को पौराणिक काल से भारत के नाम से संबोधित किया जाता रहा है और इसके नागरिकों को हिंदू कहा जाता रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के मुस्लिम जब हज करने मक्का जाते हैं, तो सऊदी अरब में उन्हें ‘‘हिंदू’’ कहकर ही संबोधित किया जाता है।